बरेली: महिला से अकेले में मिलने का दबाव बना रहा दरोगा
बरेली,अमृत विचार। पति से अलग रह रही महिला को रामपुर में तैनात दरोगा फोन करके परेशान करता है। कई माह से दरोगा पीड़िता को फोन करके रोज परेशान करता है। परेशान होकर पीड़िता शुक्रवार को पीड़िता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। एसएसपी की गैर मौजूदगी में महिला ने सीओ नवाबगंज को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी …
बरेली,अमृत विचार। पति से अलग रह रही महिला को रामपुर में तैनात दरोगा फोन करके परेशान करता है। कई माह से दरोगा पीड़िता को फोन करके रोज परेशान करता है। परेशान होकर पीड़िता शुक्रवार को पीड़िता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। एसएसपी की गैर मौजूदगी में महिला ने सीओ नवाबगंज को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी दरोगा की शिकायत की है। सीओ नवाबगंज ने इंस्पेक्टर प्रेमनगर को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने बताया कि वह पति से अलग रह रही है। उसके पति से उसका मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। उसके साथ उसकी तीन बेटियां रह रही हैं। महिला ने बताया कि जोगपाल सिंह नाम का एक व्यक्ति खुद को पुलिस विभाग में दरोगा बताता है। वह सात माह से उन्हें फोन करके परेशान करता है। आरोपी महिला से उसके घर का पता पूछता है। मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है।
महिला का आरोप है कि दरोगा ने उससे कहा कि जो वह चाहता है उसे हासिल करके रहता है। महिला ने बताया कि आरोपी लगातार उस पर अकेले में मिलने का दबाव बना रहा है। महिला ने बताया कि आरोपी दरोगा ने उसे धमकी दी है कि यदि कहीं शिकायत की तो समझ लेना। पीड़िता ने बताया कि एक दिन वह कहने लगा कि मैं तुम्हें जानता हूं। महिला दरोगा की करतूत से बहुत डर गई है।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उनकी बेटियों के साथ भी कुछ गड़बड़ करा सकता है, क्योंकि वह खुद को रसूखदार दरोगा बताता है, साथ ही कहता है कि मेरे पहचान के बहुत गुंडे हैं। जब चाहें तब तुझे और तेरी बेटियों को उठवा लूंगा। सीओ नबावगंज ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश इंस्पेक्टर प्रेमनगर बलवीर सिंह को दिए हैं।
