बरेली: प्लास्टिक वेस्ट से बनेंगी तीन सड़कें, मिला धन
बरेली,अमृत विचार। प्लास्टिक के कचरे से जिले की तीन सड़कें बनाई जाएंगी। बरेली सहित प्रदेश के सात जनपदों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस तरह की सड़क बनाई जानी है। शासन ने इन सड़कों के लिए बजट आवंटित कर दिया है। करीब तीन किमी लंबी बनने वाली सड़क पर 30 लाख रुपये खर्च होगा। लोक …
बरेली,अमृत विचार। प्लास्टिक के कचरे से जिले की तीन सड़कें बनाई जाएंगी। बरेली सहित प्रदेश के सात जनपदों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस तरह की सड़क बनाई जानी है। शासन ने इन सड़कों के लिए बजट आवंटित कर दिया है। करीब तीन किमी लंबी बनने वाली सड़क पर 30 लाख रुपये खर्च होगा।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन आर गोकर्ण ने प्लास्टिक के कचरे से बनने वाली सड़कों का काम शुरू करने का निर्देश दिया है। शासन ने बजट भी जारी कर दिया है। पीडब्ल्यूडी के अफसर तैयारी में भी लग गए हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बरेली-बीसलपुर से कौआखेड़ा तक 8.11 लाख रुपये से एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी।
इसके अलावा खरगपुर से सिकरौदा (आंवला) तक 10.54 लाख रुपये से एक किलोमीटर और बरेली-बागेश्वर रोड से अभयपुर संपर्क मार्ग तक 11.51 लाख रुपये से 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। योजना के तहत इस खास प्रोजेक्ट में प्लास्टिक के कचरे से सड़क बनाई जाएगी।
बता दें कि ऐसी सड़कें पायलट प्रोजेक्ट के तहत बरेली के अलावा लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, झांसी, प्रयागराज और गोरखपुर में तैयार होनी है।
पर्यावरण के लिए अच्छा और सस्ता विकल्प
इन सड़कों को बनाने के लिए प्लास्टिक के कचरे को मशीन में डाल कर छोटे-छोटे टुकड़े किए जाते हैं। गिट्टी और डामर मिलाकर इसे सड़क बनाने के प्रयोग में लाया जाएगा। सड़क बनाने वाले पत्थर या गिट्टी को 170 डिग्री सेल्सियस तक गर्म किया जाता है। इसके बाद इसमें प्लास्टिक के टुकड़ों को मिलाया जाएगा। 30 सेकेंड में प्लास्टिक पिघलकर पत्थर से चिपक जाएगा। फिर 160 डिग्री सेल्सियस तक गर्म कर डामर मिश्रण कर सड़क बनाई जाती है।
