अयोध्या: अभय और खब्बू के बीच शुरू हुआ वाक युद्ध, एक दूसरे से जताया जान का खतरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। गोसाईगंज के दो बाहुबली, सपा विधायक अभय सिंह व भाजपा के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू के बीच वाक युद्ध शुरू हो गया है। लॉरेंस बिश्नोई व मुख्तार अंसारी गैंग का अयोध्या से कनेक्शन जोड़ते हुए दोनों ने ही एक दूसरे से अपनी जान का खतरा बताते हुए प्रदेश सरकार से जांच करवाने …

अयोध्या। गोसाईगंज के दो बाहुबली, सपा विधायक अभय सिंह व भाजपा के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू के बीच वाक युद्ध शुरू हो गया है। लॉरेंस बिश्नोई व मुख्तार अंसारी गैंग का अयोध्या से कनेक्शन जोड़ते हुए दोनों ने ही एक दूसरे से अपनी जान का खतरा बताते हुए प्रदेश सरकार से जांच करवाने की मांग की है। दोनों ही बाहुबलियों के बीच तकरार का यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी अभय व खब्बू के समर्थक आमने-सामने हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान मारपीट व तोड़फोड़ इसका उदाहरण रहा है।

विधानसभा चुनाव में मुझे मारने के लिए दी गई थी सुपारी
अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा से सपा विधायक अभय सिंह का दावा है कि मार्च 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें जान से मारने की सुपारी दी गई थी। इस संदर्भ में अभय सिंह ने दावा किया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे उनके पीछे पड़े हुए थे। लॉरेंस ग्रुप के अयोध्या कनेक्शन को लेकर यूपी एसटीएफ ने अपनी जांच शुरू कर दी है। अभय सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को उन्होंने प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी को एप्लीकेशन दी थी कि इंद्र प्रताप तिवारी, धनंजय सिंह और विकास सिंह मिलकर उनकी हत्या कराना चाहते हैं।

उस समय प्रशासन ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए उनकी सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए थे। सपा विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें कुछ तस्वीरें मिली थीं, जो यह साबित कर रही थी कि कपिल पंडित, सचिन बिश्नोई, आदि, जो अब पुलिस की पकड़ में हैं, ये सभी लोग उन फोटोज में देखे जा सकते थे। इस मामले में वह मुख्यमंत्री से मांग करेंगे कि एसआईटी गठित कर के मामले की जांच की जानी चाहिए।

मुख्तार अंसारी गिरोह का खास सदस्य है अभय: खब्बू
इधर, सपा विधायक का बयान आते ही भाजपा नेता पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए अभय सिंह पर पलटवार किया है। साथ ही खब्बू तिवारी ने अपनी और अपने परिवार पर अभय सिंह से जान का खतरा बताया है और उत्तर प्रदेश सरकार से पूरे मामले की एसआईटी से जांच करवाने की मांग की है।

खब्बू तिवारी ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा अपराधी हो, मुख्तार अंसारी गिरोह का सदस्य हो, जिसका काला इतिहास हो, मेरे द्वारा उसकी हत्या की बात करना हास्यास्पद है। मैं भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं। इस नाते मुख्यमंत्री से मामले की एसआईटी जांच की मांग करता हूं।

जांच इस बात की भी होनी चाहिए कि 2004 में सपा सरकार के समय मुख्तार अंसारी के शूटर के रूप में अभय सिंह की लोकसभा चुनाव में क्या भूमिका थी। उस चुनाव में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोली चली थी कई लोग मारे गए थे। कृष्णानंद राय की हत्या के बाद मुख्तार अंसारी और अभय सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ था इसकी भी जांच होनी चाहिए।

ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में किस गिरोह का हाथ था? तमाम अपराधी पंजाब हरियाणा के जो अपराध करते हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्वी उत्तर प्रदेश में उसमें अभय सिंह का क्या लिंक है? इसकी भी जांच होनी चाहिए। कहा कि अभय सिंह सुरक्षा पाने के लिए कोई भी हथकंडा अपना सकता है। मुझे फंसाने के लिए अभय सिंह अपने दोस्त की हत्या भी करा सकता है।

यह भी पढ़ें:-विधायक नहीं तो क्या जनता की सेवा में खड़ा मिलूंगा : खब्बू तिवारी

संबंधित समाचार