बरेली: बारिश से पारा चार डिग्री गिरा, गर्मी से मिली राहत
बरेली,अमृत विचार। दो दिन में हुई लगातार बारिश से शनिवार को चार डिग्री तक पारा लुढ़क गया। कई दिनों से दिन में निकल रही चटख धूप से पारा लगातार ऊपर जा रहा था। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। आने वाले कुछ और दिनों तक मौसम मेहरबान रहेगा। रविवार को फिर से …
बरेली,अमृत विचार। दो दिन में हुई लगातार बारिश से शनिवार को चार डिग्री तक पारा लुढ़क गया। कई दिनों से दिन में निकल रही चटख धूप से पारा लगातार ऊपर जा रहा था। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। आने वाले कुछ और दिनों तक मौसम मेहरबान रहेगा।
रविवार को फिर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औसत बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निर्देशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि पारा अभी और नीचे जाएगा।
शनिवार को शहर और आसपास के इलाके में सुबह से ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। सुबह करीब आठ बजे विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हुई। शहर क्षेत्रों में सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया। सुबह छह से आठ बजे तक कभी तेज तो कभी बूंदाबांदी ने लोगों को परेशान किया। इसके बाद बारिश बंद हो गई। पारा चार डिग्री कम होने के कारण लोगों की गर्मी से राहत मिल गई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
फसलों के लिए फायदेमंद है यह बारिश
इन दिनों हो रही बारिश से ज्यादातर फसलों का काफी फायदा हो रहा है। खास तौर से इन दिनों धान की रोपाई चल रही है। बारिश होने से किसानों को सिंचाई नहीं करानी होगी। इसके अलावा टमाटर, भिंडी और बैगन के लिए यह बारिश फायदेमंद है। अलबत्ता करैला, तोरई और लौकी को नुकसान पहुंचा सकती है।
