तमिलनाडु: RSS कार्यकर्ता सीतारमण के घर पर पेट्रोल बम से हमला, हमलावरों की तलाश में पुलिस
चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई के पास तांबरम में चित्लपक्कम में RSS के कार्यकर्ता सीतारमण के आवास पर पेट्रोल बम फेंका गया। तांबरम पुलिस पेट्रोल बम फेंकने वाले 2 अज्ञात लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। इस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इससे पहले तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में गुरुवार की …
चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई के पास तांबरम में चित्लपक्कम में RSS के कार्यकर्ता सीतारमण के आवास पर पेट्रोल बम फेंका गया। तांबरम पुलिस पेट्रोल बम फेंकने वाले 2 अज्ञात लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। इस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
इससे पहले तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में गुरुवार की देर रात को बीजेपी के ऑफिस पर हमला हुआ था। बता दें कि BJP ऑफिस में अज्ञात व्यक्ति द्वारा ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल फेंकने का मामला सामने आया था। वहीं घटना के बाद BJP कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया था। पार्टी दफ्तर पर हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और प्रदर्शन कर रहे पार्टी के लोगों को समझाने की कोशिश की थी।
बीजेपी कार्यकर्ता नंदकुमार ने बताया था कि हमारे दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंका गया। इसी तरह से आतंकी हमले होते हैं। बता दें कि गुरुवार सुबह देशभर में कई जगहों पर PFI के खिलाफ छापेमारी की गई थी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इसी राज्य में थे। गौरतलब है कि घटना के तहत वीकेके स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी गई थी।
घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़क के दूसरी ओर से एक बोतल BJP ऑफिस में आकर गिरती हुई नजर आ रही है। हालांकि, कैमरे में यह नहीं दिखा कि ज्वलनशील बोतल किसने फेंकी है। कटूर थाना निरीक्षक एस. लता और टीम पार्टी कार्यालय पहुंचे और पेट्रोल से भरी बोतल की जांच की। पुलिस के अनुसार बोतल में आग नहीं लगाई गई थी। घटना के वक्त दो लोग पार्टी कार्यालय के सामने खड़े थे। पार्टी कार्यालय में भी पुलिस सुरक्षा है। घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यालय के सामने जमा हो गए। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए गांधीपुरम में सड़क जाम कर दी थी।
इससे पहले भी कोयंबटूर में 14 फरवरी 1998 को सिलसिलेवार बम विस्फोट हुए थे। तब वहां बीजेपी के सीनियर नेता और तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी दौरे पर थे। उस बम धमाकों में 58 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 200 लोग घायल हो गए थे। जिस स्थान पर आडवाणी की चुनावी सभा होनी थी, वहां पर भी विस्फोट हुआ था।
ये भी पढ़ें : Video: पुणे में PFI की रैली में लगे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, कुछ आरोपी पुलिस हिरासत में, कई पर केस दर्ज
