बरेली: खुद गलती करके भवन स्वामी से ब्याज मांग रहा नगर निगम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम ने सिविल लाइंस के निवासी एक वृद्ध के भवन पर गृह कर और जल कर समय से न जमा करने का आरोप लगाते हुए करीब 17 हजार रुपये ब्याज लगा दिया। जबकि वृद्ध ने गृह कर और जल कर जमा करने के लिए बैंक ड्राफ्ट जमा कर दिया था, जिसे नगर …

बरेली,अमृत विचार। नगर निगम ने सिविल लाइंस के निवासी एक वृद्ध के भवन पर गृह कर और जल कर समय से न जमा करने का आरोप लगाते हुए करीब 17 हजार रुपये ब्याज लगा दिया। जबकि वृद्ध ने गृह कर और जल कर जमा करने के लिए बैंक ड्राफ्ट जमा कर दिया था, जिसे नगर निगम के कर्मचारियों ने खो दिया। इससे नगर निगम को भुगतान नहीं मिल सका तो निगम के कर्मचारियों ने ब्याज भवन मालिक पर लगा दिया।

बुजुर्ग अनमोल शर्मा के सिविल लाइंस स्थित घर में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा संचालित हो रही है। अनमोल शर्मा का कहना है कि उन्होंने नगर निगम में गृह कर और जल कर का 51963 रुपये का बैंक ड्राफ्ट बनवाकर 7 मार्च 2018 में जमा कराया था।

इसके बाद 17 मार्च 2020 को 88159 रुपये का बैंक ड्राफ्ट बनवाकर नगर निगम कर्मचारियों के पास जमा करा दिया। इसके बाद जब उन्होंने पता किया तो जानकारी मिली कि उनके भवन पर नगर निगम का वांछित कर एक लाख 78 हजार 60 रुपये बकाया है। साथ ही 17 हजार 27 रुपये ब्याज भी नगर निगम ने लगाया है।

शर्मा का कहना है कि उन्होंने भुगतान करने के लिए नया बैंक ड्राफ्ट बना लिया लेकिन वह ब्याज नहीं देना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने तो समय से बैंक ड्राफ्ट जमा करा दिया तो ब्याज ही नहीं बनता है। उन्होंने कहा कि सोमवार को वह पार्षद राजेश अग्रवाल के साथ जाकर नगर आयुक्त से मामले की शिकायत करेंगे।

“यह मामला मेरी जानकारी में नहीं आया है। अगर कर के संबंध में कोई दिक्कत है तो मुझसे शिकायत करें। उनकी समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।” -ललतेश सक्सेना, कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम

“नगर आयुक्त से शिकायत करके इस तरह गैरजिम्मेदाराना काम करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। इससे आम जन को परेशानी होती है। गृहस्वामी अनमोल शर्मा पर लगाया गया ब्याज माफ कराने के साथ अग्रिम कर जमा करने संबंधी छूट का लाभ भी दिलाएंगे।” -राजेश कुमार अग्रवाल, सपा पार्षद

संबंधित समाचार