शारदीय नवरात्र : हाथी पर सवार होकर आ रही मां करेंगी कल्याण
अमृत विचार, कन्नौज। इस बार शारदीय नवरात्र 26 सितंबर से प्रारंभ हो रही है। इस बार देवी मां हाथी पर आरूढ़ होकर घर-घर पधारेंगी। माता की अगवानी के लिए जिले भर में पंडाल सज गए हैं तो वहीं घरों में भी रविवार को दिनभर तैयारी का दौर चला। पुरोहितों के अनुसार कलश स्थापना के लिए …
अमृत विचार, कन्नौज। इस बार शारदीय नवरात्र 26 सितंबर से प्रारंभ हो रही है। इस बार देवी मां हाथी पर आरूढ़ होकर घर-घर पधारेंगी। माता की अगवानी के लिए जिले भर में पंडाल सज गए हैं तो वहीं घरों में भी रविवार को दिनभर तैयारी का दौर चला। पुरोहितों के अनुसार कलश स्थापना के लिए सुबह 6.20 बजे से 10.19 बजे तक का मुहूर्त शुभ रहेगा।
रविवार को पितृ विसर्जन के साथ ही श्राद्ध पक्ष का समापन हो गया। इसके साथ ही नवदुर्गा को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ा। जिले भर में सजीं दुकानों पर देवी मूर्ति खरीदने वालों के भीड़ दिनभर उमड़ती रही। इसके साथ ही पूजा सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार खरीदारी करते नजर आए।
शहर में सन्मार्ग संस्था की ओर से एसबीएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सजने वाले प्रमुख देवी पंडाल में सभी नौ देवियों की प्रतिमाएं पहुंच गईं। संस्था के लोग देर रात तक तैयारी पूरी करने में जुटे रहे। इसके अतिरिक्त सभी प्रमुख देवी मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ के दृष्टिगत पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम को भी अंतिम रूप दिया। संस्था की ओर से बताया गया कि इस बार उत्सव कलकत्ता की तर्ज पर होगा। हर साल 16 मूर्तियों की स्थापना की जाती थी लेकिन इस बार 21 प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित होंगी। पहले दिन से ही पंडाल में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
पं. बबलू मिश्रा ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्र प्रतिपदा का शुभारंभ सोमवार सुबह 3.24 बजे से होगा जो 27 सितंबर मंगलवार को 3. 08 बजे तक चलेगी। बताया कि कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6.10 से 10.19 बजे तक है। स्थापना के बाद ही दुर्गा सप्तशती पाठ, देवी भागवत, हवन पूजन के कार्यक्रम प्रारंभ होंगे जो नवमी तक चलेंगे।
तिर्वा प्रतिनिधि के अनुसार नवरात्र पर मां के नौ स्वरूप की पूजा अर्चना कर उनकी कृपा पात्र बनने के लिए भक्तों ने देवी मंदिरों की सजावट। मां अन्नपूर्णा समेत ग्रामीण क्षेत्र में बने मंदिरों की सजावट की गई है। पूजा में प्रयोग होने वाले सामान की खरीदारी की। सोमवार से श्रद्धालु व्रत, पाठ, पूजन कर मां की आराधना में लीन होंगे।
यह भी पढ़ें:- दुर्गा पूजा : राजधानी में 121 स्थानों पर सुशोभित होगें पंडाल, 12 सौ पुलिसकर्मी तैनात
