बरेली: पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा पुरुष और महिला नसबंदी का ग्राफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकित चौहान, बरेली, अमृत विचार। जनसंख्या वृद्धि देश की ज्वलंत समस्याओं में से एक है। इसकी रोकथाम के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से लगातार जिले भर में परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए दंपतियों को जागरूक किया जा रहा है। इसका असर भी …

अंकित चौहान, बरेली, अमृत विचार। जनसंख्या वृद्धि देश की ज्वलंत समस्याओं में से एक है। इसकी रोकथाम के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से लगातार जिले भर में परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए दंपतियों को जागरूक किया जा रहा है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। महिलाओं के साथ पुरुष परिवार नियोजन अपनाने के प्रति सजग दिख रहे हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2021-22 में जिले भर में महज एक पुरुष ने नसबंदी कराई थी। वहीं, वर्ष 2022-23 के अगस्त तक यह संख्या आठ तक पहुंच गई है। पहले महिला नसबंदी की संख्या 376 थी, जोकि वर्ष 2022-23 में अगस्त तक 384 तक पहुंच गई है।

स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक दंपति परिवार नियोजन में रुचि लें, इसके लिए हर गुरुवार को अंतराल दिवस, वहीं प्रत्येक माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन सीएचसी व पीएचसी पर किया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे दंपति को प्रमुखता दी जाएगी, जिनके दो बच्चे हैं।

महिला अस्पताल में नसबंदी के लिए बना ओटी
अधिक से अधिक लोग परिवार नियोजन के प्रति आगे आएं। इसके लिए जिला महिला अस्पताल में पीपीसी ओटी तैयार किया गया है। इसे जल्द शुरू कर दिया जाएगा। यहां सिर्फ नसबंदी के ही ऑपरेशन किए जाएंगे, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार न करना पड़े।

महिलाएं हो रहीं सजग, अपना रहीं साधन
नसबंदी के साथ ही परिवार नियोजन के अन्य साधनों के प्रति भी महिलाओं का जुड़ाव बढ़ रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022-22 में 4260 महिलाओं ने कॉपर टी लगवाई थी, 2022-23 में ये संख्या 4299 हो गई है। पीपीसीआईयूडी अपनाने वाली महिलाएं वर्ष 2021-22 में 4231 थीं, इस वर्ष 4472 हो गई हैं। गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा लगवाने वाली महिलाएं वर्ष 2021-22 में 3284 थीं, वर्ष 2022-23 में ये संख्या 5399 पहुंच गई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दंपति परिवार नियोजन के साधन अपनाने में रुचि ले रहे हैं।

पिछले वर्षों की तुलना में जिले में परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने में महिलाएं और पुरुष रुचि ले रहे हैं। अधिक से अधिक लोग साधन अपनाएं इसके लिए लगातार विशेष दिवसों पर आयोजन किया जा रहा है- डा. अरुण पांडेय, परिवार नियोजन विशेषज्ञ।

ये भी पढ़ें- बरेली: पं. दीनदयाल उपाध्याय के जयंती पर सम्मान समारोह का आयोजन, मेधावियों को किया सम्मानित

संबंधित समाचार