मुरादाबाद : नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदहाल, विधान परिषद में भी उठ चुका है सवाल
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का हाल देखना हो तो ग्रामीण क्षेत्र में जाने की जरूरत नहीं। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की खस्ताहाली से सब स्पष्ट हो जाएगा। किराए के जर्जर भवनों में मरीजों और चिकित्सकों की जान खतरे में है। नगरीय प्राथमिक केंद्र कटघर की खस्ताहाली की गूंज एमएलसी गोपाल अंजान के सवाल …
मुरादाबाद,अमृत विचार। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का हाल देखना हो तो ग्रामीण क्षेत्र में जाने की जरूरत नहीं। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की खस्ताहाली से सब स्पष्ट हो जाएगा। किराए के जर्जर भवनों में मरीजों और चिकित्सकों की जान खतरे में है। नगरीय प्राथमिक केंद्र कटघर की खस्ताहाली की गूंज एमएलसी गोपाल अंजान के सवाल के माध्यम से विधान परिषद तक पिछले दिनों पहुंची। फिर भी जिम्मेदार खामोश हैं।
26 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन किराए के भवनों में होता है। इन भवनों की खस्ताहाली का सवाल 23 सितंबर को विधान परिषद में उठा। परिषद के सदस्य रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान ने कटघर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली का मुद्दा उठाकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया था। उन्होंने नियम 115 के अंतर्गत सूचना देकर बताया कि 1917 से डिप्टी जगन्नाथ सिंह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघर जर्जर है, नागरिकों की मांग पर भी इसका जीर्णोद्धार नहीं किया जा रहा है।
इसके अलावा नवाबपुरा में भी केंद्र का भवन दशकों पुराना है। इस छोटे से किराए के भवन में अंदर की दीवारें और छत का प्लास्टर कई जगह से उखड़ा है। बाहर से यह भवन किसी खंडहर जैसा प्रतीत होता है। फकीरपुरा में भवन तो बड़ा है लेकिन, इसका रखरखाव विभाग की ओर से ठीक से नहीं कराया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र पर बिजली का स्विच बोर्ड उखड़ा है। मुख्य स्विच बोर्ड खुला है और नंगे तार लटक रहे हैं। इससे किसी भी दिन हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता है। केंद्र पर पैथोलॉजिस्ट न होने से जांच ठप है तो अन्य कई केंद्रों पर भी कोई न कोई कमी मरीजों, चिकित्सकों और स्टाफ के लिए दर्द का कारण बनी है।
कटघर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अब दूसरे भवन में शिफ्ट कराया जा रहा है। नवाबपुरा के लिए भी दूसरे भवन की तलाश है। फकीरपुरा में बिजली के खुले व नंगे तार की जानकारी नहीं है। केंद्र पर जाकर इसे ठीक कराएंगे। नवाबपुरा केंद्र पर पैथोलॉजिस्ट का पद खाली है। इसके अलावा 6 केंद्रों पर चिकित्सक नहीं हैं, उनकी स्थाई भर्ती होने पर तैनाती होगी। -प्रमोद कुमार, अरबन हेल्थ कोआर्डिनेटर
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सच्चाई एकदम उलट…बिना अध्यापक और किताबों के पढ़ रहे छात्र-छात्राएं
