हरदोई: गिलोय की हुई खरीद और भेजी गई रेत-मिट्टी, 4 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
हरदोई, अमृत विचार। हरिद्वार की एक फार्मेसी कम्पनी को भेजी गई औषधि गिलोय की खरीद में धोखाधड़ी और ठगी का मामला सामने आया है। गिलोय की खरीद में 1,68400 रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले चार लोगों के खिलाफ धारा 420/406 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। बताया …
हरदोई, अमृत विचार। हरिद्वार की एक फार्मेसी कम्पनी को भेजी गई औषधि गिलोय की खरीद में धोखाधड़ी और ठगी का मामला सामने आया है। गिलोय की खरीद में 1,68400 रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले चार लोगों के खिलाफ धारा 420/406 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है।
बताया गया है कि साण्डी थाने के परसापुर निवासी राजेश कुमार पुत्र राम लडैते ने टड़ियावां पुलिस को दी तहरीर में गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला मिश्राना निवासी पिंटू पुत्र बनवारी, राकेश भारद्वाज, राकेश के पुत्र शुभम भारद्वाज और भाई दिनेश भारद्वाज के खिलाफ धारा 420/406 के तहत मामला दर्ज कराया है।
दी गई तहरीर में कहा गया है कि प्रतापगढ़ के मोहली कोतवाली शहर के रहने वाले सतीश कुमार गुप्ता गिलोय औषधि का कारोबार करते हैं। पिंटू पुत्र बनवारी गिलोय का धंधा करता है। पिंटू ने वेण्डर सतीश कुमार गुप्ता से हरिद्वार की एक फार्मेसी कम्पनी को गिलोय औषधि का सौदा तय किया था। 7 अगस्त को 9,350 किलो गिलोय हरिद्वार के लिए रवाना की गई।12 अगस्त को जब हरिद्वार में गाड़ी से माल उतारा गया तो उसमें मिलावटी रेत, मिट्टी, गिट्टी और बजरी निकली। जबकि खरीदी गई गिलोय का पहले ही 1,68400 रुपए का भुगतान कर दिया गया था।
तहरीर में आगे कहा गया है कि इस तरह की गई धोखाधड़ी और ठगी के मामले में गोपामऊ के चेयरमैन और चौकी प्रभारी की मौजूदगी में पंचायत भी हो चुकी है। जिसमें की गई धोखाधड़ी और ठगी की बात सामने आ चुकी है। पुलिस ने पिंटू, राकेश, शुभम और दिनेश के खिलाफ धारा 420/406 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसकी जांच एसआई बनवारी लाल गुप्ता को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें-मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और हम जीतेंगे: उद्धव ठाकरे
