अयोध्या: योगी की मूर्ति पर चांदी का छत्र चढ़ाने वाले अमित जानी ने वापस मांगा छत्र
अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने योगी की मूर्ति पर उनके द्वारा चढ़ाए गए चांदी के छत्र की वापसी के लिए डीएम नितीश कुमार को पत्र भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने योगी मंदिर में अर्पित सवा किलोग्राम चांदी के छत्र को सम्मान के साथ गौरक्ष पीठ …
अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने योगी की मूर्ति पर उनके द्वारा चढ़ाए गए चांदी के छत्र की वापसी के लिए डीएम नितीश कुमार को पत्र भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने योगी मंदिर में अर्पित सवा किलोग्राम चांदी के छत्र को सम्मान के साथ गौरक्ष पीठ गोरखपुर मे पहुँचाने का अनुरोध किया है।
जानी ने 27 सितम्बर को भेजे अपने पत्र में लिखा है कि उन्होेंने 21 सितम्बर को कल्याण भदरसा गांव में बने योगी के मंदिर में लगाई गई योगी की मूर्ति पर सवा किलो चांदी का छत्र चढ़ाया था। बाद में ज्ञात हुआ कि वह मंदिर एक सरकारी जमीन पर बना पाया गया। इसी विवाद के बीच जिला प्रशासन मूर्ति और छत्र अपने कब्जे मे लेकर चला गया। उन्होंने लिखा है कि वह छत्र योगी आदित्यनाथ को अर्पित किया गया था, जिसका मंदिर की जमीन के विवादित होने या सरकारी अथवा गैर-सरकारी होने से कोई सरोकार नही है।
उन्होंने कहा है कि नाथ सम्प्रदाय में उनकी और करोड़ों हिन्दुओं की गहरी आस्था है। योगी आदित्यनाथ नाथ सम्प्रदाय की परम्परा के वाहक है। उन्होंने कहा है कि नाथ सम्प्रदाय के संत नही बल्कि उनके खड़ाऊं के नीचे जो मिट्टी है वह भी उनके लिए वंदनीय है। डीएम को भेजे पत्र में लिखा है कि वह जमीन सरकारी है या निजी, उससे मेरी आस्था का कोई लेना देना नही है।
अब जबकी आपके प्रशासन द्वारा नाथ सम्प्रदाय के संत सन्यासी के छत्र को कब्जे मे ले लिया गया है तो इससे मेरी भावनाएं आहात हुई है। अनुरोध है कि छत्र को नाथ सम्प्रदाय की सर्वाधिक लोकप्रिय स्थली गोरक्षपीठ, गोरखपुर या काला पीर मठ कोथ कलां, हिसार को अर्पित करने का कष्ट करें। जिससे नाथ सम्प्रदाय को अर्पित छत्र जैसी पवित्र भेंट का अनादर ना हो।
यह भी पढ़ें… अयोध्या: अशोक सिंघल की जयंती पर कारसेवकपुरम में शुरू हुआ शिविर
