बिजनौर: अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या कर पति ने भी लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर युवक ने अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली। पत्नी पर बेरहमी से डंडों से वार करने के बाद युवक ने कुछ दूरी पर एक पेड़ पर दुपट़्टे से लटककर जान दे दी। दिन निकलने पर जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो हड़कंप मच गया। …
बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर युवक ने अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली। पत्नी पर बेरहमी से डंडों से वार करने के बाद युवक ने कुछ दूरी पर एक पेड़ पर दुपट़्टे से लटककर जान दे दी। दिन निकलने पर जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दिल दहना देने वाली यह घटना चांदपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खानपुर जादर की है। यहां पर रहने वाला जयपाल सिंह(40) मजदूरी करता था। बताते हैं कि मंगलवार की रात वह अपनी पत्नी मुकेश देवी के साथ रामलीला का मंचन देखने गया था। देर रात दोनों वापस आए। घर आने के बाद किसी बात को लेकर जयपाल सिंह का पत्नी मुकेश से विवाद हो गया। इसके बाद रात किसी समय जयपाल सिंह पत्नी को गांव के सचिन के खेत पर लेकर गया।
आरोप है कि वहां पर उसने डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पत्नी को मरा समझकर उसने भी खुदकुशी की कोशिश की। पहले विफल होने के बाद उसने एक आम के पेड़ पर दुपट्टे से फंदा बनाया और उसमें झूल गया। बुधवार की सुबज जब जयपाल का भाई शूरवीर खेतों की ओर गया तो उसने मुकेश देवी को गंभीर हालत में पड़े देखा। कुछ दूरी पर जयपाल का शव लटकता देख उसकी चीख निकल गई।
शोर-शराबा होने पर तमाम ग्रामीण भी पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन मुकेश देवी को अस्पताल ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एएसपी व सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने उनके बच्चे आंचल, शिवम, प्रिंस व लविश से भी पूछताछ की लेकिन उन्होंने बताया कि देर रात होने के कारण वह सो रहे थे। फिलहाल पुलिस वारदात की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें:- बहराइच: पहले हाथी और फिर बाघ ने रोका रास्ता
