बहराइच: जिले के 51 पीएचसी का निरीक्षण, 14 चिकित्सक मिले अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 14 चिकित्सक अनुपस्थित मिले। जिस पर सभी से स्पष्टीकरण तलब किया है। लंबे अरसे से अनुपस्थित चिकित्सक और चार्ज लेने वाले चिकित्सक के विरुद्ध शासन को पत्र लिखा गया …

बहराइच, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 14 चिकित्सक अनुपस्थित मिले। जिस पर सभी से स्पष्टीकरण तलब किया है। लंबे अरसे से अनुपस्थित चिकित्सक और चार्ज लेने वाले चिकित्सक के विरुद्ध शासन को पत्र लिखा गया है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है या नहीं। इसकी स्थिति जांचने के लिए जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र ने औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। बुधवार को समस्त 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति का जायज़ा लिया गया।

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र विशेश्वरगंज, समदा बाज़ार, जरवल रोड, अमवा हुसैनपुर, गायघाट, शिवपुर, ईंटहा, चौकसाहार, आम्बा, मोतीपुर, उर्रा, सुजौली, सलारगंज, बख्शीपुरा स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक अनुपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह को निर्देश दिया कि अनुपस्थित पाये गये चिकित्सकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की जाय।

डीएम ने स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिया गया है कि कार्यस्थल पर निवास करें तथा चिकित्सालय में आने वाले मरीज़ों को शासन द्वारा अनुमन्य चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन भी सुनिश्चित कराएं। डीएम ने सभी चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ को सचेत किया है कि भविष्य में ड्यूटी के प्रति लापरवाही उजागर होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।

चार्ज न लेने वाले चिकित्सक के विरुद्ध शासन को लिखा पत्र
सीएमओ डॉक्टर सतीश कुमार सिंह ने बताया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुजौली में तैनात किये गये चिकित्सक डॉ. शाद द्वारा चार्ज नहीं लिया गया है। जबकि सीएचसी महसी में तैनात डॉ. प्रतिभा यादव के लम्बी अवधि से अनुपस्थित रहने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कार्रवाई हेतु शासन को पत्र लिखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें-कन्नौज: अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

संबंधित समाचार