कानपुर हादसा : कोरथा गांव पहुंचे 27 शव, परिवार के छह लोगों की अर्थी देख गिर पड़े सियाराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थानाक्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 27 मौतों के बाद शनिवार पूरी रात शवों का पोस्टमार्टम किया गया। भोर सुबह कोरथा गांव में शवों के पहुंचते ही चीत्कार मच गया। गांव के रहने वाले सियाराम के परिवार के छह लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरथा गांव के चारों ओर मातम पसरा हुआ …

कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थानाक्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 27 मौतों के बाद शनिवार पूरी रात शवों का पोस्टमार्टम किया गया। भोर सुबह कोरथा गांव में शवों के पहुंचते ही चीत्कार मच गया। गांव के रहने वाले सियाराम के परिवार के छह लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरथा गांव के चारों ओर मातम पसरा हुआ है। ड्योढ़ी घाट पर एक साथ सभी का अंतिम संस्कार के लिए जिलाधिकारी विशाख जी ने मृतक परिवारों से अनुरोध किया है। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल हो सकते हैं।

शनिवार की रात करीब 7.30 बजे हादसे के बाद रविवार सुबह चार बजे तक 27 शवों के पोस्टमार्टम हो गए थे। जिसके बाद तत्काल सब्जी को गांव पहुंचाए गए। गांव की आबादी लगभग 250 घर हैं। अभी कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। कोई दहलीज पर रखे शव देखकर आसमान की ओर निहारता तो कोई अपलक उन्हें देखे जा रहा था। मानो कह रहे हों कि हे भगवान आखिर उनसे ऐसी कौन सी गलती हुई जो स्वजन छीन लिए। बुजुर्ग स्वयं के कर्मों को दोष दे रहे थे तो युवा अपनी किस्मत को कोसते नजर आए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन न होना भी मौतों का एक कारण बन। देर रात ही कानपुर के एलएलआर अस्पताल से भी दोनों शव भीतरगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए गए थे। इसके बाद वहीं चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम शुरू किए। मंत्रियों राकेश सचान, अजीत पाल सिंह, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक अभिजीत सिंह सांगा भी रात में मौके पर डटे रहे। डीएम विशाख जी ने पलक भी नहीं झपकाई।

सुबह से बनने लगी अर्थियां
कोरथा गांव में सुबह सात बजे पुलिस प्रसाशन की मौजूदगी में सभी शवों को उठाने की तैयारी पर फिर लोग रो पड़े। पुलिस प्रसाशन ने सभी शवों के अंतिम संस्कार की सामग्री की व्यवस्था कराई है। सभी अर्थियां बनाने की शुरुआत हो गई।

ड्योढी घाट पर हाेगा अंतिम संस्कार
महाराजपुर में गंगा तट पर 27 शवों का अंतिम संस्कार ड्योढ़ी घाट पर किया जाएगा। पुलिस प्रशासन शवों के साथ डयोढ़ी घाट जाएगा, वहां पर पहले से व्यवस्था कर ली गई है ताकि कोई समस्या न हो। इसके लिए जिलाधिकारी विशाख जी ने हर घर मे जाकर शव ड्योढ़ी घाट ले चलने को कहना शुरू किया तो लोगों ने भी सहमति दी है। अर्थियां उठाने को लेकर लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें:-कानपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से लोडर सवार पांच की मौत, 10 घायल

संबंधित समाचार