कांग्रेस और भाजपा पर जमकर बरसे पंजाब के मुख्यमंत्री, कही ये बड़ी बात
चंडीगढ़। गुजरात दौरे पर गए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारी कंपनियों को और कांग्रेस अपने विधायकों को सेल पर लगाए हुई है। भाजपा अपनी सरकार बनाने के लिए देश बेचकर कांग्रेस के विधायक खरीदती है। ये भी पढ़ें- राष्ट्रपति दो दिन की …
चंडीगढ़। गुजरात दौरे पर गए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारी कंपनियों को और कांग्रेस अपने विधायकों को सेल पर लगाए हुई है। भाजपा अपनी सरकार बनाने के लिए देश बेचकर कांग्रेस के विधायक खरीदती है।
ये भी पढ़ें- राष्ट्रपति दो दिन की यात्रा पर कल जाएंगी गुजरात, इन परियोजनाओं का करेंगी शिलान्यास और उद्घाटन
सीएम मान ने गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर भाजपा से मिले होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस चाहती है कि गुजरात में भाजपा की सरकार बने इसीलिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजरात से नहीं गुजर रही है।
गुजरात के सुरेंद्रनगर की विशाल जनसभा में संबोधन । LIVE https://t.co/Aluk43l8Fy
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) October 2, 2022
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार ने गुजरात में काम किया होता तो उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गुजरात दौरे के समय झुग्गी झोपड़ियों को छुपाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गुजरात की तरह ही दिल्ली के एमसीडी को भी बर्बाद कर दिया है। दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विश्व स्तरीय बना दिया, वहीं, भाजपा ने एमसीडी के सरकारी स्कूलों को बर्बाद कर दिया। जब ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने दिल्ली के सरकारी स्कूल देखने की इच्छा जताई तो इन्हें मजबूरी में दिल्ली सरकार के सरकारी स्कूलों को ही दिखाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने गुजरात के लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की और कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली पार्टी है। हम सच की राजनीति करते हैं, इसीलिए मात्र 10 साल के भीतर हमारी दो राज्यों में सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पैसा है, इसलिए अगर वे वोट के लिए पहले पैसा दें तो ले लेना क्योंकि वह आपका ही लूटा हुआ पैसा है। लेकिन वोट अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आम आदमी पार्टी को देना।
उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म कर दिया। सरकार बनते ही हमने एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया। उस नंबर पर आए शिकायतों के आधार पर 200 से ज्यादा भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों-अफसरों पर कार्रवाई की। अब पंजाब के अफसर रिश्वत मांगने से डरते हैं। सुरेंद्र नगर के कपास किसानों का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि पंजाब में पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने किसानों की हालत दयनीय बना दी थी। हम उसे ठीक कर रहे हैं। गुजरात में भी सरकार बनने पर हम किसानों की हालत ठीक करेंगे।
ये भी पढ़ें- कर्नाटक में छह अक्टूबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगी सोनिया गांधी
