चित्रकूट: सपा प्रतिनिधि मंडल ने विधायक नाहिद हसन से की मुलाकात, जेल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
चित्रकूट। कैराना विधायक नाहिद हसन से मिलकर लौटे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कारागार प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल निवर्तमान जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने बताया कि वह पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपेंगे और उनके निर्देशानुसार आगे की रणनीति बनाई जाएगी। गौरतलब है कि सोमवार को राष्ट्रीय …
चित्रकूट। कैराना विधायक नाहिद हसन से मिलकर लौटे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कारागार प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल निवर्तमान जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने बताया कि वह पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपेंगे और उनके निर्देशानुसार आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
गौरतलब है कि सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का 6 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल कैराना विधायक नाहिद हसन से मिलने जिला कारागार गया था। विधायक से मिलकर लौटे जिला निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 15 मिनट की मुलाकात में कैराना विधायक ने उनसे जेल प्रशासन की कई शिकायतें की हैं।
उन्होंने बताया कि कैराना विधायक ने जेल प्रशासन पर अच्छा खाना न देने, बैरक से बाहर न निकलने देने, फोन पर घरवालों से बातचीत न कराने का आरोप लगाया है। विधायक की तबियत भी ठीक नहीं है। अनुज के अनुसार, कैराना विधायक ने सपा प्रतिनिधिमंडल को यह भी बताया कि बीती 1 अक्टूबर को उनकी मां तबस्सुम हसन उनसे मिलने आईं थीं। जेल प्रशासन ने मैनुअल का हवाला देकर उनसे मिलने नहीं दिया और वह बाहर 3 घंटे बैठी रहीं और वापस चली गईं।
अनुज ने बताएगा कि विधायक की मां दो बार सांसद रह चुकी हैं। उनके परिवार में उनके पिता और बाबा भी जनप्रतिनिधि रहे चुके हैं। इसके बावजूद कैराना विधायक के साथ अच्छा व्यवहार न किया जाना समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ पक्षपातपूर्ण रवैए का घृणित उदाहरण है। आरोप लगाया कि विधायक को जेल में मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेंगे और उनके निर्देश के अनुसार आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में अनुज के अलावा सदर विधायक अनिल प्रधान, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर सिंह और पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल शामिल रहे। यहां यह बताना समीचीन होगा कि कैराना विधायक को 9 महीने तक मुजफ्फरपुर जेल में रखने के बाद 28 सितंबर को जिला जेल लाया गया था। अनुज यादव ने बताया कि विधायक के ऊपर दो मुकदमे हैं, जिनमें एक मुकदमा गैंगस्टर एक्ट का है। इस मामले में 40 लोग नामजद आरोपी बनाए गए हैं, जिनमें से 38 को जमानत भी मिल चुकी है।
यह भी पढ़ें:-चित्रकूट जिला जेल में बंद कैराना विधायक नाहिद हसन से आज सपा प्रतिनिधिमंडल करेगा मुलाकात
