मुरादाबाद : करवाचौथ को लेकर ब्यूटी पार्लरों में रौनक, सुहागिनों को लुभाने के लिए दिए जा रहे ऑफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। आठ दिन बाद करवा चौथ का त्योहार है। ऐसे में ब्यूटीशियन से सजने-संवरने और खूबसूरत लुक पाने का क्रेज महिलाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। हर महिला की चाह है कि उनका चेहरा चांद सा दमक उठे। महिलाएं सजने -संवरने के लिए किसी भी तरह का समझौता नहीं चाहती है। पार्लरों में …

मुरादाबाद,अमृत विचार। आठ दिन बाद करवा चौथ का त्योहार है। ऐसे में ब्यूटीशियन से सजने-संवरने और खूबसूरत लुक पाने का क्रेज महिलाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। हर महिला की चाह है कि उनका चेहरा चांद सा दमक उठे। महिलाएं सजने -संवरने के लिए किसी भी तरह का समझौता नहीं चाहती है। पार्लरों में अभी से बुकिंग शुरू हो गई है। वहीं महिलाओं के उत्साह को चार चांद लगाने में पार्लर संचालक भी जुटे हुए हैं। करवा चौथ से लेकर दीपावली तक आकर्षक पैकेज रखे गए हैं, जिनमें सास-बहू स्पेशल पैकेज, पिया का रंग पैकेज, नई-नवेली दुल्हन स्पेशल पैकेज शामिल हैं।

यह है मान्यता
हिंदू धर्म में करवा चौथ का व्रत सुहागिनों के लिए काफी अहम हैं। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ पर्व मनाया जाता है। ज्योतिषाचार्य नारायण जोशी ने बताया कि वट सावित्री व्रत की तरह ही करवा चौथ व्रत करने से भी पति को लंबी आयु प्राप्त होती है और वैवाहिक जीवन खुशहाल होता है, साथ ही व्रत करने वाली महिलाओं का अखंड सौभाग्य भी बना रहता है।

पार्लरों में बुकिंग 500 के पार
बाजार में सामान की खरीदारी के दौरान खूब मोलभाव करने वाली महिलाएं करवा चौथ पर दिल खोलकर पैसा खर्च करती हैं। करवा चौथ को लेकर उनमें खासा क्रेज है। इसी का नतीजा है कि शहर के ज्यादातर ब्यूटी पार्लरों में दीपावली तक की बुकिंग हो चुकी है। ब्यूटीशियन की माने तो बुकिंग का आंकड़ा 500 के पार पहुंच गया है। एक-एक ब्यूटीशियन की बुकिंग दो से तीन जगह हो चुकी है।

फेशियल, मेकअप सहित पैकेज की मांग ज्यादा
ब्यूटीशियन के अनुसार स्पेशल ब्राइडल मेकअप, फेशियल एंड ट्रीटमेंट फेशियल, हेयर ट्रीटमेंट, आइब्रो शेपिंग, वैक्सिंग, मेनिक्योर एंड पेडिक्योर, हेयर स्टाइल एंड कटिंग, हेयर कलरिंग, हेयर स्टैचिंग, हेयर प्रीमिंग सहित बजट के मुताबिक कम बजट वाले फेशियल की डिमांड इन दिनों ज्यादा है। बजट के अनुरूप फेशियल, मेकअप के आकर्षक पैकेज में पार्लर मार्केट में उपलब्ध है।

करवा चौथ के लिए महिलाओं ने प्री-अपाइटमेंट ले रखे हैं। उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए आकर्षक पैकेज व डिस्काउंट दिया जा रहा है। ज्यादातर महिलाएं मेनिक्योर एंड पेडिक्योर, हेयर स्टाइल एंड कटिंग, हेयर कलरिंग का पैकेज ले रहीं हैं। – सुनेना, संचालक, ब्यूटी हट
——————
इन दिनों महिलाएं बड़ी संख्या में ब्यूटी पार्लर का रुख कर रही हैं। 13 अक्टूबर को करवा चौथ के लिए बुकिंग ज्यादा है। त्योहार के मद्देनजर गोल्ड में डायमंड फेशियल सहित अन्य फेशियल में 20 से 40 फीसदी की छूट दी जा रही है।
– आरिफ, मैनेजर, जूलिएट ब्यूटी पार्लर

करवा चौथ पर फेशियल, मेकअप के साथ ही नेल आर्ट, एरोमा थैरेपी का भी ट्रेंड भी आ गया है। महिलाएं खासकर युवतियों को नेल आर्ट पसंद आ रहा है। हल्के मेकअप, कूलिंग फेशियल और हेयर कलर के प्रति रुझान अधिक है। बताया कि त्योहारी सीजन में 20 प्रतिशत डिस्काउंट है। – निधि गुप्ता, डायरेक्टर गीतांजिल ब्यूटी पार्लर

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ‘अबला तेरी यही कहानी होठों पर दर्द और आंखों में पानी’

संबंधित समाचार