बरेली: नगर आयुक्त से बोले सहगल- मेरे आने पर लगवा रहे झाड़ू
बरेली, अमृत विचार। जनपद के नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने शुक्रवार को मलिन बस्ती माधोबाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्य मार्ग से गली में महज दस कदम पैदल चलने के बाद ही उन्हें असल तस्वीर नजर आ गई। उन्हें देखकर गली में झाड़ू लगा रहे सफाई कर्मचारी भागने लगे। यह स्थिति देख नोडल अधिकारी गुस्सा …
बरेली, अमृत विचार। जनपद के नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने शुक्रवार को मलिन बस्ती माधोबाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्य मार्ग से गली में महज दस कदम पैदल चलने के बाद ही उन्हें असल तस्वीर नजर आ गई। उन्हें देखकर गली में झाड़ू लगा रहे सफाई कर्मचारी भागने लगे।
यह स्थिति देख नोडल अधिकारी गुस्सा गए और नगर आयुक्त की तरफ देख बोले, ऐसे काम नहीं होता है, मेरे आने पर झाड़ू लगवा रहे हो। अगर मैं नहीं आता तो सफाई भी नहीं कराते हैं। यह भी कहा कि मेरे आने पर जगह- जगह चूने का छिड़काव कराया गया है। नोडल अधिकारी ने कहा कि वह मलिन बस्ती देखने के लिए मोहल्ले में नहीं आते तो आप लोग तो दूसरी जगह लेकर चले जाते, जहां पूरी व्यवस्था चकाचक मिलती।
शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे नोडल अधिकारी नवनीत सहगल माधोबाड़ी पहुंचे। यहां पर गंदगी देखकर अधिकारियों का जवाब तलब कर लिया। सड़क उखड़ी देखकर बोले कि घटिया निर्माण कराया गया है। नाला पटा देखकर कहा कि इस वार्ड में काम ठीक से नहीं किया गया है। तेज दुर्गंध उठते देख मोहल्ले की नंदनी और राजबहादुर से पूछे कि सफाई रोज होती है। इस पर दोनों ने कहा कि रोज नहीं होती है।
इसी वार्ड के प्रभात से पानी आने के बाबत पूछा, उसने बताया कि केवल सुबह शाम दो घंटे पानी की सप्लाई मिलती है। वार्ड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने नगर निगम के जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार करें।
नोडल अधिकारी को रेलवे की भूमि पर कूड़े का ढेर मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई देते हुए बताया कि कई बार रेलवे की अधिकारियों को पत्र भेजा गया लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। इसके बाद शाम को बाढ़ से बचाव के बारे में जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक की।
मलिन बस्तियों की सूची तलब की
नोडल अधिकारी नवनीत सहगल शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी नितीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पाडेय से लाकडाउन के बारे में विस्तार से चर्चा की। इसके बाद नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से शहर के विकास की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। नगर आयुक्त ने सीवर लाइन, पेयजल, स्वच्छता अभियान के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने मलिन बस्तियों की सूची तलब की।
कोविड अस्पतालों के बारे में ली जानकारी
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मंडल के लिए नामित नोडल अधिकारी व विशेष सचिव नियोजन राम नरायन सिंह यादव और सीएमओ डा. विनीत शुक्ल के साथ बैठक की। नोडल अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के सबसे अधिक जरूरी है कि अधिक से अधिक जांच की जाएं। अस्पताल पहुंच रहे संक्रमितों की देखभाल में लापरवाही न बरती जाए।
रबड़ फैक्ट्री कर्मचारियों ने दिया ज्ञापन
रबड़ फैक्ट्री कर्मचारियों का एक प्रतिनिधि मंडल सर्किट हाउस में नवनीत सहगल से मिला। कर्मचारियों ने बताया कि 20 साल से बंद होने पर रबड़ फैक्ट्री कर्मचारियों को आर्थिक तंगी और भुखमरी के दौर से गुजर रहे हैं। कर्मचारी अशोक मिश्रा ने नोडल अधिकारी को बताया कि इस पूरे प्रकरण पर 19 अगस्त 2019 को प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास के यहां पर फैक्ट्री से संबंधित सभी पक्षों के साथ वार्ता हो चुकी है।
मांग है कि समस्याओं के समाधान और मजदूरों की देनदारियों का शीघ्र भुगतान कराया जाए। यह भी बताया कि 1170 एकड़ खाली पड़ी उपयोगी भूमि का उपयोग किया जा सकता है। ज्ञापन देने वालों में प्रमोद कुमार एवं हजारी लाल भी उपस्थित रहे।
फरीदपुर में गंदगी देख भड़के प्रमुख सचिव, लगाई फटकार
फरीदपुर। शासन के निर्देश पर जिले में निरीक्षण के लिए आए प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने कस्बा और एक गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें गांव नवदिया अशोक में कई जगह गंदगी के ढेर दिखाई दिए। इस पर उनकी त्योरी चढ़ गई। उन्होंने तुरंत बीडीओ और गांव के प्रधान को बुलाया। फटकार लगाते हुए जल्द ही सफाई कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रमुख सचिव ने मच्छर दानी का भी वितरण किया।
प्रमुख सचिव ने फरीदपुर नगर का भ्रमण भी किया भ्रमण के दौरान कस्बे में गंदगी देखकर प्रमुख सचिव ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद फरीदपुर की जमकर फटकार लगाई। जिसके बाद प्रमुख सचिव बिथरी क्षेत्र में बने कोविड-19 एल-1 अस्पताल पहुंचे जहां पहुंचकर उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना वही इसी दौरान एक मरीज के लिए अस्पताल स्टाफ से एंबुलेंस मंगाने के लिए कहा गया जब एंबुलेंस आधा घंटा इंतजार करने के बावजूद भी अस्पताल नहीं पहुंचे तो ने इस पर नाराजगी जताई।
