बाराबंकी: मुलायम सिंह यादव को याद कर भावुक हुए छोटेलाल, जानें क्या कहा…
बाराबंकी। संघर्ष की कोख से निकले हुए एक अध्याय का अंत हो गया। यह बात वर्ष 1985 की है। जब मुलायम सिंह नेता विरोधी दल थे, तब मचौटी में पंचम यादव (जो राम सेवक यादव के काफी करीबी थे) के घर नत्था पहलवान को लेकर आए थे। तब उनसे पहली औपचारिक भेंट हुई थी। तब …
बाराबंकी। संघर्ष की कोख से निकले हुए एक अध्याय का अंत हो गया। यह बात वर्ष 1985 की है। जब मुलायम सिंह नेता विरोधी दल थे, तब मचौटी में पंचम यादव (जो राम सेवक यादव के काफी करीबी थे) के घर नत्था पहलवान को लेकर आए थे। तब उनसे पहली औपचारिक भेंट हुई थी। तब से नेताजी के सानिध्य में दशकों जनता की सेवा का अवसर मिला। नेताजी पार्टी कार्यकर्ताओं को मान सम्मान देने के साथ ही उनके सुख-दुख का भी पूरा ख्याल रखते थे।
यह कहते-कहते हुए पूर्व मंत्री और सपा से सदर सीट के कई बार विधायक रहे छोटे लाल यादव की आँखे भर आई। जिले के समाजवादी के खाटी नेता कहे जाने वाले छोटे लाल अपने महाविद्यालय में नेताजी के साथ राजनीति में बिताए पलों का स्मरण करते हुए छोटे लाल कहते हैं कि नेताजी के आशीर्वाद से ही मुझे विधायक और राज्यमंत्री का पद मिला। नेताजी जुझारू व्यक्तित्व और कुशल व्यवहार के धनी थे। उनकी कार्यशैली से कार्यकर्ता भी खुद को उत्साहित महसूस करते थे।
वर्ष 2002 के चुनाव की याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ विरोधी तत्व नहीं चाहते थे कि नेताजी उनकी जनसभा में आएं, लेकिन नेताजी ने किसी की कोई बात नहीं सुनी और दुर्घटना की परवाह किए बिना राजकीय इंटर कालेज बाराबंकी में बने हेलीपैड पर 5 फीट की ऊंचाई से ही छलांग लगा दी थी और जनसभा को सम्बोधित किया था। मुलायम सिंह और उनकी माता दोनों ही मुझे काफी मानते थे। होली और दीपावली पर अक्सर घर जाना होता था।
इधर दो सालों से अस्वस्थता की वजह से भेंट या मुलाकात नहीं हो पाई थी। एक पारिवारिक कार्यक्रम में नेताजी की मौजूदगी को याद करते हुए छोटे लाल कहते हैं कि भतीजे राजेश के ऐट होम में मुलायम सिंह यादव आए थे। हेलीकाप्टर लैंड करते समय जोर की आंधी आ गई, लेकिन नेताजी ने तेज हवा की परवाह किए बिना हेलिकाप्टर लैंड कराया और कार्यक्रम में शरीक होकर हम सभी जनपद वासियों का मान बढ़ाया।
यह भी पढ़ें:-स्मृति शेष: चित्रकूट से विशेष लगाव था नेताजी को …निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने साझा की मुलायम सिंह यादव से जुड़ी कई यादें
