अमरोहा: बरसात में मकान का पिलर गिरने से किसान की मौत
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। लगातार बारिश के चलते मकान का एक पिलर गिरने से किसान की दबकर मौत हो गई। वहीं ग्राम कुदैना चक में भी एक मकान का काफी हिस्सा भरभराकर गिर गया। जिससे मकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि यहां पर हुए हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं हैं। …
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। लगातार बारिश के चलते मकान का एक पिलर गिरने से किसान की दबकर मौत हो गई। वहीं ग्राम कुदैना चक में भी एक मकान का काफी हिस्सा भरभराकर गिर गया। जिससे मकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि यहां पर हुए हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं हैं।
- गांव खादगूजर में पशुओं को चारा डालने गया था जतनपाल
- कुदैना चक गांव में मकान का कुछ हिस्सा गिरने से घरेलू सामान दबा
लगातार हो रही बारिश ने इस बार फसलों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। धान, गन्ना, उड़द और सब्जियों की अधिकतर फसल बारिश से प्रभावित हुई है। अभी तक फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली बारिश अब जानलेवा बन गई है। गजरौला क्षेत्र में बारिश के बाद हुए अलग-अलग स्थानों पर दो हादसे हुए। पहला हादसा थाना क्षेत्र के ग्राम खादगूजर में हुआ। यहां रहने वाला किसान जतनपाल सिंह(55) मंगलवार की सुबह पशुओं को चारा डालने गया था।
बताते हैं कि पशुओं को बांधने की जगह पानी को रोकने के लिए पिलर लगाकर टीन शेड बनाया गया था। बारिश के कारण वहां पानी का जमाव होने से अचानक एक दीवार व पिलर गिर गया जिसके मलबे के नीचे जतनपाल दब गया। काफी मशक्कत के बाद गांव वालों ने उसे मलबे से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन घायल अवस्था में निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसडीएम धनौरा भी मौके पर आ गए।
वहीं हल्का लेखपाल ने परिजनों से बात कर बारिश में हुए नुकसान की रिपोर्ट उच्चअधिकारियों को भेज दी है। दूसरा हादसा गांव कुदैना चक में हुआ। मंगलवार को ग्रामीण के मकान का कुछ हिस्सा बरसात में गिर गया। मकान के मलबे में दबकर हजारों रुपये का घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं। पीड़ित ने घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी है।
ये भी पढ़ें:- संभल: सड़क दुर्घटनाओं में महिला सहित दो की मौत, एक घायल
