कृषि अधिकारियों की लापरवाही उजागर, लखनऊ पहुंचा टिड्डी दल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में रविवार को टिड्डी दलों ने भारी संख्या में प्रवेश किया। टिड्डी दलों के आने से कृषि अधिकारियों के दावो की भी पोल खुल गई। करीब सात किलोमीटर लम्बा टिड्डी दल उन्नाव के रास्ते लखनऊ में आया करीब एक घंटे तक लखनऊ से होता हुआ टिड्डी दल बाराबंकी की ओर मुड़ …

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में रविवार को टिड्डी दलों ने भारी संख्या में प्रवेश किया। टिड्डी दलों के आने से कृषि अधिकारियों के दावो की भी पोल खुल गई। करीब सात किलोमीटर लम्बा टिड्डी दल उन्नाव के रास्ते लखनऊ में आया करीब एक घंटे तक लखनऊ से होता हुआ टिड्डी दल बाराबंकी की ओर मुड़ गया लेकिन शहर में ​काफी संख्या में टिड्डियां छोटे-छोटे दलों में बंट गयी जो किसानों के साथ-साथ आमजनो के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।

रविवार को टिड्डी दल हजरतगंज, डालीगंज, दुबग्गा, फैजुल्लागंज, त्रिवेणी नगर, विकास नगर, अलीगंज क्षेत्र में पहुंचा वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में टिड्डी दल के प्रवेश होने से किसानो में दहशत है। मलिहाबाद क्षेत्र के किसानों ने बताया कि कृषि अधिकारियों की ओर से लापरवाही हुई है अगर बार्डर एरिया में टिड्डी दलों पर काबू पा लिया जाता तो आज शहर के बीच टिड्डी दल नहीं पहुंच पाता।

वहीं काकोरी के साथ ही बक्शी का तालाब में कहर ढाया। लोग घर की छतों के साथ खेत में शोर मचाने लगे। इसके बाद ठाकुरगंज होकर यह दल सीतापुर रोड क्षेत्र में घूमा। शहर के बालागंज, त्रिवेणी नगर, अलीगंज, ठाकुरगंज तथा मुफ्तीगंज क्षेत्र में टिड्डियों ने प्रवेश किया। टिड्डी का बहुत बड़ा दल यहां के विकास नगर में भी पहुंचा। इनके कहर से मडियांव, जानकीपुरम समेत आसपास के इलाकों में लोग अपने घरों में दुबके रहे।

चिनहट से बाराबंकी पहुंचा टिड्डी दल
वहीं जिला कृषि अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया ​एक बड़ा टिड्डी दल राजधानी तो आया लेकिन वह चिनहट होते हुए बाराबंकी की ओर से चला गया। उन्होंने कहा बाराबंकी के अधिकारियों से भी संपर्क कर सूचना दे दी गयी है। उन्होंने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के रेंदुआ, गंज बस्ती, खसपरिया, माती सहित कई गांवों में यह दल मंडराता देखा गया है। वहीं बाराबंकी की जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रीति किरण बाजपेई ने बताया कि टिड्डी दल रेदुआ से पल्हरी की ओर गई हैं। ग्रामीणों के अलर्ट किया गया है।

कई जिलों में टिड्डी दल हावी
प्रदेश के कई जिलों में टिड्डी दल ने रविवार को भी धावा बोला। भोर के साथ आगे बढ़े टिड्डी दलों ने दर्जनों गांवों में फसलों पर हमला किया। फर्रूखाबाद से आया टिड्डी दल शनिवार रात दो टुकड़ों में बंट गया। उधर, बहराइच व श्रावस्ती होते हुए टिड्डियों का दल रविवार सुबह बलरामपुर पहुंच गया।

टिड्डियों के दल के पहुंचने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई। किसान बचाव के लिए परिवार के साथ खेतों में जुट गए। इसके साथ ही हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, मैनपुरी, एटा, बहराइच और श्रावस्ती समेत प्रदेश के विभिन्न जिले टिड्डी दल से आक्रांत रहे।

दरअसल, मानसून में रेगिस्तानी टिड्डियां और सक्रिय हो गई हैं। फर्रुखाबाद से हरपालपुर, सांडी होते हुए हरदोई के आसमान में टिड्डी दल मंडराता दिखा। हरदोई से सीतापुर पहुंचा टिड्डी दल करीब 200 गांवों से गुजरा।

रसायन छिड़काव कराने में अधिकारी फेल
काकोरी, मलिहाबाद, और मोहनलाल गंज के अलावा जिलो के किसानों का दावा है कि अधिकारी रसायन का ​छिड़काव कराने में फेल हुए हैं जिसके चलते ये स्थिति आयी है। टिड्डी दल शनिवार की रात में फर्रूखाबाद से दो दलों में बटा था एक दल बावन विकास खंड के लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम पकरी, धर्मपुर, सोनेपुर के बगीचों में रुका था, जबकि दूसरा दल लखनऊ रोड पर मदारा के बाग में रुका था। कृषि विभाग के अधिकारियों ने रसायन का छिड़काव कराया था लेकिन उसके बाद भी अधिकारियों की की सजगता की पोल खुल गयी।

टिड्डी दल लखनऊ पहुंचा था लेकिन बारबंकी ओर से भी निकला है कुछ छोटे दल रह गये हैं उनको रसायन के छिड़काव से नष्ट कराने का प्रयास किया जा रहा है, साथ ही किसानों को भी अलर्ट किया गया है। – सोराज सिंह, कृषि निदेशक

संबंधित समाचार