खनन माफिया-पुलिस में मुठभेड़, ब्लाक उप प्रमुख की पत्नी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश का पीछा करते उत्तराखंड की सीमा में घुसी मुरादाबाद पुलिस को निशाना बनाकर बुधवार देर शाम खनन माफियाओं ने अंधाधुंध फायरिंग की। दोनों तरफ से फायरिंग में काशीपुर के ब्लाक उप प्रमुख की पत्नी की मौत हो गई, वहीं गोली लगने व मारपीट से चार सिपाही घायल हो …

मुरादाबाद। 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश का पीछा करते उत्तराखंड की सीमा में घुसी मुरादाबाद पुलिस को निशाना बनाकर बुधवार देर शाम खनन माफियाओं ने अंधाधुंध फायरिंग की। दोनों तरफ से फायरिंग में काशीपुर के ब्लाक उप प्रमुख की पत्नी की मौत हो गई, वहीं गोली लगने व मारपीट से चार सिपाही घायल हो गए। घायलों में से एक एसओजी के सिपाही शिवकुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। खनन माफियाओं के दुस्साहस से दंग पुलिस के उच्चाधिकारी उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में हैं।

डीआइजी शलभ माथुर के मुताबिक ठाकुरद्वारा में 13 सितंबर को एसडीएम की टीम को बंधक बनाकर बजरी का डंपर छीन ले जाने के मामले में खनन माफिया जफर वांटेड था। जफर की गिरफ्तारी पर उन्होंने 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। बुधवार शाम ठाकुरद्वारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ईनामी जफर यूपी व उत्तराखंड की सीमा पर मौजूद है। एसओजी की मदद से ठाकुरद्वारा पुलिस ने जफर की घेरेबंदी की कोशिश की।

भनक लगते ही खनन माफिया उत्तराखंड की सीमा पर दाखिल हो गया। उसका पीछा करते मुरादाबाद पुलिस जसपुर के ज्येष्ठ उपप्रमुख गुरुताज भुल्लर के गांव भरतपुर पहुंच गई। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के थाना कुंडा स्थित भरतपुर गांव में खनन माफिया जफर व उसके गुर्गों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से फायरिंग में ज्येष्ठ प्रमुख की बीवी गुरुप्रीत कौर के अलावा मुरादाबाद एसओजी टीम के सिपाही शिवकुमार व राहुल को गोली लगी। जबकि सिपाही संगम कसाना व सुमित राठी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरुप्रीत को जसपुर के चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। इधर मुठभेड़ में घायल चारों सिपाही मुरादाबाद के कासमास अस्पताल में भर्ती कराए गए।

मुठभेड़ में ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी को भी चोटें आईं हैं। वारदात की भनक लगते ही डीआइजी शलभ माथुर, एसएसपी हेमंत कुटिलया, एसपी देहात संदीप कुमार मीणा दलबल के साथ ठाकुरद्वारा थाने पहुंचे। उन्होंने मातहतों से घटना के बावत जानकारी ली। देर रात बरेली जोन के एडीजी राजकुमार के भी मुरादाबाद पहुंचने की खबर है। ऐहतियातन उत्तराखंड व यूपी की सीमा पर सुरक्षा चौकस कर दी गई है। ठाकुरद्वारा व इसके आसपास भारी फोर्स तैनात की गई है। पल-पल बदल रहे हालात पर नजर बनाए रखने के लिए उच्चाधिकारी ठाकुरद्वारा थाने में जमे हैं।

ये भी पढ़ें – बरेली: दलित छात्रा की बरामदगी न होने पर धरने की चेतावनी, विधायक बोले लव जिहाद का है मामला

संबंधित समाचार