देश में कोरोना मामले 8.72 लाख के पार, रिकवरी दर 63 फीसदी
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले रविवार को 8.72 लाख के आंकड़े को पार कर गये। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर करीब 63 फीसदी पहुंच गयी है और अब तक करीब साढ़े पांच लाख लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं। …
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले रविवार को 8.72 लाख के आंकड़े को पार कर गये। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर करीब 63 फीसदी पहुंच गयी है और अब तक करीब साढ़े पांच लाख लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं। देश में आज मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.97 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.64 प्रतिशत रही।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,72,784 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 8,49,533 थी। अब तक कुल 5,49,656 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 23,087 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 2,99,655 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या ढाई लाख से अधिक हो चुकी है।
कोविड-19 की जांच को व्यापक बनाते हुए प्रत्येक दिन नमूनों की जांच में निरंतर वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 280151 नमूनों की जांच की गई है। अब तक जांच किए गए नमूनों की कुल संख्या 11587153 है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, वर्तमान में भारत में प्रति दस लाख पर परीक्षण दर 8396.4 हो चुकी है। देश में इस समय सरकारी क्षेत्र की 850 प्रयोगशालाएं और निजी क्षेत्र की 344 प्रयोगशालाएं कुल 1194 प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं।
इस महामारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटाें में संंक्रमण के 7827 नये मामले दर्ज किये गये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 2,54,427 पर पहुंच गया है। राज्य में इस अवधि के दौरान 173 लोगों की मौत हुई है जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 10,289 हो गयी है। वहीं 1,40,325 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।
संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंचे तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के मामले 4244 बढ़कर 1,38,470 पर पहुंच गये हैं और इसी अवधि में 68 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 1966 हो गयी है। राज्य में 89,532 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति अब कुछ नियंत्रण में है और यहां संक्रमण के मामलों में वृद्धि की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। राजधानी में अब तक 1,12,494 लोग कोरोना की चपेट में आये हैं तथा इसके कारण मरने वालों की संख्या 3371 हो गयी है। यहां 89,968 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।
देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा 41 हजार के पार पहुंच गया है और अब तक 41,906 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2046 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 29,198 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। दक्षिण के राज्य कर्नाटक में 38,843 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 686 लोगों की इससे मौत हुई है। राज्य में 15,411 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 36,476 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 934 लोगों की मौत हुई है जबकि 23,334 मरीज ठीक हुए हैं। दक्षिण भारत के एक और राज्य तेलंगाना में भी कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। तेलंगाना में संक्रमितों की संख्या 34,671 हो गयी है और 356 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 22,482 लोग अब तक इस महामारी से ठीक हो चुके है।
पश्चिम बंगाल में 30,013 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 932 लोगों की मौत हुई है और अब तक 18,581 लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने के कारण यह सर्वाधिक प्रभावित की सूची में राजस्थान से ऊपर आ गया है। राज्य में 29,168 लोग संक्रमित हुए हैं तथा मरने वालों की संख्या 328 हो गयी है जबकि 15,412 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 24,392 हो गयी है और अब तक 510 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18,103 लोग पूरी तरह ठीक हुए है। हरियाणा में 21,240 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 301 लोगों की मौत हुई है।
इस महामारी से मध्य प्रदेश में 644, पंजाब में 199, जम्मू-कश्मीर में 179, बिहार में 125, ओडिशा में 84, उत्तराखंड में 47, असम में 40, केरल में 32, झारखंड में 24, छत्तीसगढ़ में 19, पुड्डुचेरी में 18, गोवा में 14 , हिमाचल प्रदेश में 10, चंडीगढ़ में आठ, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और त्रिपुरा में दो-दो तथा लद्दाख में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
