बरेली: अस्पताल ने परिजनों को सौंप दिया कोरोना संक्रमित का शव
बरेली/फरीदपुर,अमृत विचार। कोविड-19 वायरस से बचाव के लिए सरकार लाकडाउन लगा रही है। वहीं लोगों को मॉस्क और सेनेटाइजर से हाथ साफ करने के दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस वायरस को मजाक में ले रहे हैं। यही वजह है कि शनिवार शाम को फरीदपुर …
बरेली/फरीदपुर,अमृत विचार। कोविड-19 वायरस से बचाव के लिए सरकार लाकडाउन लगा रही है। वहीं लोगों को मॉस्क और सेनेटाइजर से हाथ साफ करने के दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस वायरस को मजाक में ले रहे हैं। यही वजह है कि शनिवार शाम को फरीदपुर के कोरोना संक्रमित रोगी की अस्पताल में हुई मौत के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। जबकि परिजनों को किसी तरह की न तो किट दी और न ही उनके घर को सेनेटाइज्ड कराया। इससे लोगों में रोष है।
कस्बे के मोहल्ला फर्रकपुर निवासी एक युवक की मौत शनिवार को एक अस्पताल में हो गई। वह कोरोना संक्रमित था। मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने युवक का शव परिजनों को ही सौंप दिया। शव को कवर्ड किया गया था, लेकिन परिजनों को किसी तरह की किट नहीं दी गई थी। अस्पताल प्रशासन ने पहले तो शव न देने का निर्णय लिया, लेकिन बाद में अपने निर्णय को बदलते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजन रात भर शव को घर में रोके रहे। उसके अंतिम दर्शन के लिए चेहरा भी खोल दिया गया। इससे इस वायरस का संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। सुबह को दस बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में परिवार के गिने चुने लोग ही शामिल हुए थे।
क्या था पूरा मामला
फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला फर्रखपुर निकट रिलायंस टावर निवासी युवक कई दिनों से बीमार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने मना कर दिया। तब उसे परिजन बरेली लेकर गए। यहां कोविड-19 का टेस्ट कराया गया, तो जांच में वह संक्रमित पाया गया। इससे आसपास हड़कंप मच गया। वहीं इलाज के दौरान युवक की एक अस्पताल में मौत हो गई। रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
परिजनों की अब तक नहीं हुई जांच
कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद शव घर में कई घंटे तक रखा रहा, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक उसके घर पर परिजनों का सैम्पल लेने के लिए नहीं पहुंची है। उधर मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जांच सभी की होनी चाहिए। युवक के संपर्क में जितने लोग आए हैं उनकी जांच जरूरी है।
