तैयारियां : 38 केन्द्रों पर 77280 अभ्यर्थी देंगे पीईटी परीक्षा
अमृत विचार, अयोध्या। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 15 व 16 अक्टूबर को दो पालियों में आयोजित होगी। इस परीक्षा में 38 केन्द्रों पर 77280 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के लिए कडे इंतजाम किये गये हैं। जिले में 13 …
अमृत विचार, अयोध्या। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 15 व 16 अक्टूबर को दो पालियों में आयोजित होगी। इस परीक्षा में 38 केन्द्रों पर 77280 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के लिए कडे इंतजाम किये गये हैं। जिले में 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक-एक कुल 38 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गयी है।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने पीईटी परीक्षा के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व महेन्द्र प्रसाद को नोडल अधिकारी बनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गयी हैं। परीक्षा शुरू होने के पहले सभी परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही प्रश्नपत्र खोले जाएंगे। फिलहाल प्रश्न पत्रों को कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया दिया है।
यहां से 15 को सुबह ही प्रश्नपत्र व आंसरशीट को परीक्षा केन्द्रों पर मजिट्रेटों की निगरानी में भेजा जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक सम्पन्न होगी। प्रत्येक पाली में 19320 परीक्षाथी शामिल होंगे। परीक्षा केन्द्रों पर सर्विलासं टीमों की भी निगरानी होगी।
परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण, मोबाइल के साथ प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। दूसरी ओर एआरएम रोडवेज महेश कुमार ने बताया कि पीईटी परीक्षा के लिए ऑन डिमांड बसों का संचालन कराया जा रहा है। गोण्डा बहराइच रोड पर सबसे अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: पीईटी परीक्षा की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों ने किया हंगामा, जानें वजह?
