HDFC Bank की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित, मुनाफा 20% ज्यादा, NII 19% बढ़ा
मुंबई। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने शनिवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 22.30 प्रतिशत बढ़कर 11,125.21 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 9,096.19 …
मुंबई। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने शनिवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 22.30 प्रतिशत बढ़कर 11,125.21 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 9,096.19 करोड़ रुपये रहा था।
ये भी पढ़ें- Amul Milk Price Hike : फेस्टिव सीजन में अमूल ने दिया ग्राहकों को झटका, बढ़ाईं दूध की कीमत
बैंक का नेट इंट्रेस्ट इनकम (NII) भी 19 प्रतिशत बढ़कर 21,021 करोड़ हो गया है। दूसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा और ब्याज से होने वाली शुद्ध आमदनी (NII) दोनों ही एनालिस्ट्स के अनुमानों से कम हैं।
देश के सबसे बड़े निजी बैंक ने कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका एकल आधार पर शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत से अधिक होकर 10,605.78 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में उसका एकल शुद्ध लाभ 8,834.31 करोड़ रुपये रहा था जबकि अप्रैल-जून 2022 की तिमाही में यह 9,196 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य तिमाही में बैंक की कुल आय एक साल पहले के 38,754 करोड़ रुपये से बढ़कर 46,182 करोड़ रुपये हो गई।
इस दौरान उसका व्यय भी 22,947 करोड़ रुपये से बढ़कर 28,790 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी तिमाही में बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) कुल खाते का 1.23 प्रतिशत रहीं जबकि एक साल पहले की दूसरी तिमाही में यह 1.35 प्रतिशत रही थी। अप्रैल-जून 2022 की तिमाही में सकल एनपीए 1.28 प्रतिशत पर था।
ये भी पढ़ें- पेट्रोल पंप खोलकर कमाएं लाखों रुपए, यहां मिलेगी आपको A2Z जानकारी
