अयोध्या : पहली पाली में 28.62 तो दूसरी में 27.66 फीसद रहे अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की दो दिवसीय प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) पहले दिन शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। 38 केन्द्रों पर यह परीक्षा 2 पालियों में हुई। पहली पाली में जहां 28.62 वहीं दूसरी पाली में 27.66 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा के पहले जयपुरिया स्कूल परीक्षा केन्द्र के …

अमृत विचार, अयोध्या। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की दो दिवसीय प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) पहले दिन शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। 38 केन्द्रों पर यह परीक्षा 2 पालियों में हुई। पहली पाली में जहां 28.62 वहीं दूसरी पाली में 27.66 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा के पहले जयपुरिया स्कूल परीक्षा केन्द्र के गेट पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अभ्यर्थी को पकड़ लिया गया। यह परीक्षा रविवार को भी 38 केन्द्रों पर होगी।

जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में कुल 77, 280 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। शनिवार को पहले दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा में 19320 व द्वितीय पाली में 19320 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए। लेकिन प्रथम पाली की परीक्षा में 13790 यानी 71.88 प्रतिशत उपस्थित तो 5530 यानी 28.62 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित द्वितीय पाली की परीक्षा में 19320 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 13976 यानी 72.34 प्रतिशत उपस्थित रहे और 5344 अर्थात 27.66 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के नोडल अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी 38 केन्द्रों पर दोनो पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं। वहीं प्रत्येक केन्द्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगे हैं। जिन 15 केन्द्रों पर 500 से अधिक अभ्यर्थी हैं वहां 2-2 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को भी दो पालियों में परीक्षा होगी और प्रत्येक पाली में 19320 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

जिले में पीईटी के लिए कुल 77280 अभ्यर्थी हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी केन्द्र पर कोई अभ्यर्थी नहीं पकड़ा गया। अलबत्ता द्वितीय पाली में जयपुरिया स्कूल के केन्द्र के बाहर गेट पर ही चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी को पकड़ा गया है जिसके पास मौजूद प्रवेश पत्र संदिग्ध पाया गया था। इसलिए उसे परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके अलावा सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई।

डीएम ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने जनपद के 38 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा के दौरान सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल तथा टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से व परीक्षा केंद्र के विभिन्न कक्षों में जाकर संचालित परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र आईडी कार्ड भी चेक किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्राध्यक्ष को आयोग द्वारा जारी दिशा निदेर्शों का अक्षरश: अनुपालन कराते हुए परीक्षा को शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें… अयोध्या: सिंधी बैंड पर महिलाओं ने किया डांडिया नृत्य

संबंधित समाचार