बरेली: शास्त्री मार्केट में 10 फिट चौड़ी सड़क, सात फिट में वाहनों का अतिक्रमण
बरेली, अमृत विचार। शास्त्री मार्केट में अतिक्रमण इतना है कि यहां सड़क बंद हो गई है। व्यापारियों ने अपना माल सड़क पर फैला रखा है। मजबूरी में ग्राहकों को सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं। नगर निगम ने शहर के हर इलाके में अतिक्रमण अभियान चलाया, लेकिन शास्त्री मार्केट का रुख नहीं किया। हालत …
बरेली, अमृत विचार। शास्त्री मार्केट में अतिक्रमण इतना है कि यहां सड़क बंद हो गई है। व्यापारियों ने अपना माल सड़क पर फैला रखा है। मजबूरी में ग्राहकों को सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं। नगर निगम ने शहर के हर इलाके में अतिक्रमण अभियान चलाया, लेकिन शास्त्री मार्केट का रुख नहीं किया। हालत यह है कि 10 फिट चौड़ी सड़क पर 7 फिट में वाहनों का अतिक्रमण है। जिस मार्केट में मंडल के चारों जिलों के व्यापारी दवा लेने आते हैं, वहां पार्किंग के नाम पर सिर्फ सड़क ही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: मोहम्मद साहब की याद में सजाई गई नातिया महफिल, अंजुमन के सदर रहे मौजूद
शास्त्री मार्केट में वाहनों के बेतरबीब खड़ा होना मजबूरी हो गई है। मार्केट में अपार्टमेंट में दुकानें बनी हैं। भूतल में पार्किंग की जगह बेच कर गोदाम बना दिया गया है। इससे वाहन सड़क पर खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों ने नालों के ऊपर भवन बना लिए। नगर निगम ने ध्यान नहीं दिया। इससे सड़क संकरी हो गई। दिलीप कुमार बताते हैं कि मार्केट में एमआर आते-जाते हैं और यहीं बाइक खड़ी करते हैं, जिससे सड़क बंद हो जाती। महीने में 25 से 30 तारीख के बीच काफी वाहन खड़े मिलते हैं। लोग अपने वाहन व्यवस्थित तरीके से खड़ा करें तो दिक्कत न हो, लेकिन दुकानों के आगे वाहन खड़ा कर अभी आने को कहकर शाम को आते हैं।
सतीश चंद्र सेठी बताते हैं कि गली मनिहारन से शास्त्री मार्केट में प्रवेश करने पर 10 फिट चौड़ी सड़क आवागमन के लिए है। इसमें दुकानों के आगे खड़े वाहन रिक्शे , टुकटुक मार्ग को छोटा कर दे रहे हैं। व्यापारियों को भी अतिक्रमण के खिलाफ आगे आना होगा।किशोर कुमार बताते हैं कि मार्केट में अतिक्रमण ज्यादा है। यह हट जाए तो मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा। पार्किंग के लिए जगह नहीं बचती, इसलिए लोग सड़क पर वाहन खड़ा कर जाते हैं। रात में चौड़ी दिखनी वाली सड़क दिन में गायब हो जाती है। मार्केट के लिए मोतीपार्क में ही पार्किंग होनी चाहिए। कौशल भूटानी का मानना है कि शास्त्री मार्केट में जितनी चौड़ी सड़क है, उसमें ठीक तरह से वाहन खड़े हों तो आवागमन सुचारू रहे, लेकिन यहां कुछ नहीं हो रहा। दुकान के आगे दिन में भी ठेले लगा दिए जाते हैं। इससे मार्ग बंद हो जाता है।
यहां हो पार्किंग
व्यापारियों का मानना है कि बाजार में पार्किंग की समस्या का हल हो सकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को भी प्रयास करने होंगे। मोतीपार्क में जितनी जगह बची है, उसमें मल्टीस्टोरी पार्किंग बना दी जाए तो समस्या हल हो सकता है।
ये भी पढ़ें- बरेली: सैफई पहुंचे मौलाना तौकीर रजा, अखिलेश और शिवपाल से की मुलाकात
