कानपुर: आनंदेश्वर धाम कॉरिडोर की पार्किंग के लिए एनओसी की दरकार, जानें कहां फंसा है पेंच
कानपुर, अमृत विचार। आनंदेश्वर मंदिर धाम कॉरीडोर का काम प्रथम चरण में शुरू हो गया है। मंदिर को जाने वाली रोड और नाले के ऊपर स्लैब डाला जा रहा है। लेकिन इस बीच मंदिर की पार्किंग का काम एनओसी न मिलने से फंस गया है। अब अधिकारी नाले के ऊपर डल रहे स्लैब पर वैकल्पिक …
कानपुर, अमृत विचार। आनंदेश्वर मंदिर धाम कॉरीडोर का काम प्रथम चरण में शुरू हो गया है। मंदिर को जाने वाली रोड और नाले के ऊपर स्लैब डाला जा रहा है। लेकिन इस बीच मंदिर की पार्किंग का काम एनओसी न मिलने से फंस गया है। अब अधिकारी नाले के ऊपर डल रहे स्लैब पर वैकल्पिक पार्किंग बनाने की योजना बना रहे हैं।
काशी विश्वनाथ कॉरीडोर की तर्ज में आनंदेश्वर मंदिर कॉरीडोर का निर्माण होना है। जिसके तहत पेट्रोल पंप से मंदिर को जाने वाली सड़क के दाहिने तरफ टेफ्को की जमीन खाली पड़ी है। इस जगह पर पार्किंग को स्थापित करने का प्रस्ताव है। यहां करीब एक बार में एक हजार छोटी-बड़ी गाड़ियां खड़ी हो सकती हैं। सावन के महीने में जब मंदिर आने वाले भक्तों की संख्या बढ़ती है तो ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन इसी खाली जगह पर गाड़ियों की पार्किंग कराता है।
यह फसा है पेंच
दरअसल प्रस्तावित पार्किंग की जगह टेफ्को की है। जिसपर वीआईसी और केंद्र सरकार का अधिकार है। नगर निगम इस खाली जमीन का मालिक नहीं है। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) खाली जगह को पार्किंग के लिए इस्तेमाल करना चाहता है जिसके लिए वीआईसी और केंद्र सरकार से एनओसी (नॉन ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) मांग रहा है। अधिकारी मंदिर आने वाले लोगों को सुविधा देने के लिए लगातार संपर्क में है लेकिन परमीशन नहीं मिली है। जिसके बाद अब अधिकारी मंदिर जाने वाले रास्ते पर पड़ रहे स्लैब पर ही वैकल्पिक पार्किंग को शुरू कराने की तैयारी कर रहे हैं।
पार्किंग की सबसे ज्यादा जरूरत
परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में आम दिनों में 10 हजार लोग प्रतिदिन दर्शन करने आते हैं। सावन में तो हर रोज एक लाख भक्त बाबा के दर्शन करते हैं। मंदिर की सड़क सकरी होने और बाहरी सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से पार्किंग की समस्या रहती है। आम दिनों में चौकी के सामने मदिंर के मुख्य द्वार के बाहर टू व्हीलर खड़ी होती हैं। अगर एक भी कार गली में प्रवेश कर जाए तो लंबा जाम लग जाता है। इसलिए मंदिर में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए टेफ्को के खाली मैदान पर पार्किंग बनना जरूरी है।
टेफ्को की जमीन पर पार्किंग प्रस्तावित है लेकिन अभी एनओसी नहीं मिली है। अस्थाई रूप से जमीन का इस्तेमाल करने के लिए वीआईसी से परमीशन की बात चल रही है। जरूरत पड़ने पर हम उसे वापस भी कर देंगे। फिलहाल अभी एनओसी नहीं मिली है। बात चल रही है जल्द होने की संभावना है …आरके सिंह, अधिशाषी अभियंता, नगर निगम, नोडल अफसर, स्मार्ट सिटी।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: 39 लाख से सुधरेगी गुमटी की सीवेज समस्या, सांसद पचौरी ने किया शिलान्यास
