शाहजहांपुर: सपा की निवर्तमान महानगर टीम ने दिया सामूहिक इस्तीफा, गलत नीतियों की बताई वजह
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष कपिल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। शहर के एक होटल में महानगर टीम के साथ मीडिया से रूबरू कपिल सिंह ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि चाहें नगर निगम का चुनाव हो, जिलाध्यक्ष चुनना हो या फिर विधानसभा …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष कपिल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। शहर के एक होटल में महानगर टीम के साथ मीडिया से रूबरू कपिल सिंह ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि चाहें नगर निगम का चुनाव हो, जिलाध्यक्ष चुनना हो या फिर विधानसभा का चुनाव हो, सपा ने एक ही व्यक्ति के नाम पट्टा लिख दिया है। ऐसी पार्टी में रहने से क्या फायदा, जिसमें कोई स्पष्ट नीति ही नहीं है। यही सोंचकर सभी लोगों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पुलिस पिकेट के पास बड़ा हादसा, बेकाबू कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर
समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष कपिल वर्मा ने 20 साल बाद पार्टी से नाता तोड़ दिया। उन्होंने बताया है कि निवर्तमान जिलाध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छोटे कार्यकर्ताओं पर कभी भी ध्यान नहीं दिया। साथ ही सवाल किया कि जिसने लगातार तीन बार विधायकी का इलेक्शन हार कर हैट्रिक का रिकॉर्ड बनाया, उनको ही बार-बार टिकट क्यों दिया जाता है?
उन्होंने बताया कि आने वाले मेयर के चुनाव में भी निवर्तमान जिलाध्यक्ष को ही टिकट दिया जायेगा और सपा से जिला अध्यक्ष भी तनवीर खान ही बनेंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस और किसी प्रकार का ध्यान नहीं दिया और वह लगातार हारे हुए प्रत्याशी पर भरोसा जताये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों के एकसाथ पार्टी छोड़ने का नुकसान सपा को उठाना पड़ेगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह लोग अभी किसी भी पार्टी में नहीं जा रहे हैं। जहां सम्मान मिलेगा, वहीं जाएंगे। इस्तीफा देने वालों में वरुण दीक्षित, निवर्तमान महानगर उपाध्यक्ष सज्जाद खान, अमित अवस्थी, जवाहर सिंह टुटेजा, आसिफ मौलाना, साहिल खान, सौरभ यादव, अर्पित टंडन, सुधांशु दीक्षित, विशाल वर्मा, राजुल वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
… और कार्यवाहक जिलाध्यक्ष का नहीं उठा फोन
सपा महानगर की टीम ने जैसे ही मीडिया को बताया कि उन लोगों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है, वैसे ही सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने मोबाइल पिक करना ही बंद कर दिया। उनसे बात करने की काफी कोशिश की गई, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। पता लगा कि वे अजमेर शरीफ गए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: थाना परिसर में बने मंदिर में हुआ हवन-पूजन
