पीलीभीत: धान घर से सुखाकर न लाने की बात पर भड़का किसान, बोला- कैसे डीएम हो… किसानों की समस्या नहीं सुन रहे, देखें वीडियो
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। धान खरीद की हकीकत परखने के लिए मंडी समिति पहुंचे डीएम और धान लेकर आए किसान नेता के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मंडी में धान सूखता देख डीएम ने जब किसान नेता को घर से धान सुखाकर लाने की बात कही तो मामला तूल पकड़ गया। किसान नेता ने डीएम को …
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। धान खरीद की हकीकत परखने के लिए मंडी समिति पहुंचे डीएम और धान लेकर आए किसान नेता के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मंडी में धान सूखता देख डीएम ने जब किसान नेता को घर से धान सुखाकर लाने की बात कही तो मामला तूल पकड़ गया। किसान नेता ने डीएम को लेकर कुछ शब्द कहे और फिर डीएम भी तल्ख अंदाज में आ गए। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। क्रेंद्रों पर मिली कमियों पर जिम्मेदारों की फटकार लगाने के साथ ही डीएम ने आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
पीलीभीत: धान घर से सुखाकर न लाने की बात पर भड़का किसान, बोला- कैसे डीएम हो… किसानों की समस्या नहीं सुन रहे…@Dmpilibhit @SanjaySinghmla @FOODCIVIL_UP @CommissionerBa1 @myogiadityanath @CMOfficeUP pic.twitter.com/VDbhv6NOYs
— Amrit Vichar (@AmritVichar) October 19, 2022
बुधवार दोपहर को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार मंडी समिति में धान खरीद की हकीकत जानने के लिए निरीक्षण करने पहुंचे थे। खाद रसद विभाग के एमओ आरके सोनकर से डीएम ने धान बेचने आए किसानों की संख्या पूछी। इस पर एमओ ने गांव मुझाकलां के किसान बलजिंदर सिंह समेत चार किसानों की धान की ढेरी एक सप्ताह से अधिक समय से होने की जानकारी दी।
यह बताया कि धान में नमी होने के चलते मंडी परिसर में सुखाया जा रहा है। इसके बाद डीएम आरएफसी धान क्रय केंद्र पर पहुंचे। जहां किसान एवं अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश महामंत्री बलजिंदर सिंह से धान सुखाने के बाद मंडी लेकर आने की बात कही। यह भी कहा कि मानक में होगा तो क्रय केंद्र पर धान खरीद होगी।
इतना कहकर डीएम धान क्रय केंद्र के अभिलेखों का निरीक्षण करने में जुट गए। इसी बीच किसान नेता बलजिंदर सिंह ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि आप कैसे डीएम हैं… किसानों की समस्या नहीं सुन रहे हैं। किसान बरसात की मार से परेशान है और धान क्रय केंद्रों पर उसके धान की तौल नहीं हो पा रही है।
किसान नेता को जोर-जोर से चिल्लाता देख डीएम का भी पारा चढ़ गया। डीएम भी टिनशेड से बाहर आए और किसान नेता से नोकझोंक शुरू हो गई। शोर देख अन्य किसान नेता भी आ गए और बलजिंदर सिंह को अलग ले जाने लगे। डीएम उस पर बरस पड़े। अन्य अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद डीएम पुनः उसी क्रय केंद्र का निरीक्षण करने लगे लेकिन किसान बलजिंदर सिंह और उसके पिता ने चिल्लाते हुए खुदकुशी करने की चेतावनी दे दी।
धान में नमी 17 प्रतिशत चार से पांच प्रतिशत तक स्वीकार है। निरीक्षण के दौरान अभिलेख भी देखे गए हैं। रजिस्टर और टोकन समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। हम किसानों का सम्मान करते हैं। सभी किसान भाई अपना धान सुखाकर मंडी लाएं। अगर, किसान मंडी में धान सुखाएंगे तो उन्हीं को दिक्कत आएगी। यही बात समझा रहे थे कि एक किसान आक्रोशित हो गए। उनहें समझा दिया गया है। धान के लिए कमेटी बना दी गई है जो परीक्षण कर रिपोर्ट देगी। – प्रवीण कुमार लक्षकार, जिलाधिकारी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बेटे ने की खुदकुशी, पिता ने हादसे में गंवाई जान, परिवार में मचा कोहराम
