बरेली: पूर्व वित्तमंत्री के परिजनों समेत 40 कोरोना संक्रमित
बरेली, अमृत विचार। नोडल अफसर के निर्देश के बाद कोरोना के सैंपलो कि संख्या बढ़ी तो संक्रमितों की तादाद भी फिर बढ़ने लगी है। बुधवार को आईवीआरआई, ट्रूनाट और कारपोरेट लैब की जांच में 40 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। सर्विलांस टीम …
बरेली, अमृत विचार। नोडल अफसर के निर्देश के बाद कोरोना के सैंपलो कि संख्या बढ़ी तो संक्रमितों की तादाद भी फिर बढ़ने लगी है। बुधवार को आईवीआरआई, ट्रूनाट और कारपोरेट लैब की जांच में 40 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। सर्विलांस टीम परिजनों और उनके संपर्क में आने वाले की ट्रेसिंग कर उन्हें होम क्वारंटीन करा रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक बुधवार को आईवीआरआई से मिली क्रमिक दो रिपोर्ट में पूर्व वित्त मंत्री के तीन परिजन, शहर विधायक का भतीजा, सीएमओ कार्यालय के एक स्टाफ और उसका बेटा, लाल फाटक का एक युवक, बसंत टाकीज के पास की एक महिला, मढ़ीनाथ का एक युवक, नई बस्ती नवाबगंज का का एक युवक, राजेंद्र नगर ए ब्लॉक का एक युवक, नवादा शेखान का एक युवक, सैदपुर फरीदपुर का एक युवक, कृष्णा नगर का एक युवक, गणेश नगर स्टेट पांच सुभाषनगर का एक युवक, नवाबगंज मुख्य मार्ग अर्बन बैंक के पास की एक युवती, कटरा चांद खां की दो महिला, मॉडल टाउन का एक व्यक्ति, दुर्गा नगर का एक व्यक्ति, संजय नगर के दो व्यक्ति, मिनी बाईपास बसंत विहार का एक व्यक्ति, चाहबाई की एक युवती, कालीबाड़ी का एक व्यक्ति, रिठौरा नगर पंचायत के दो व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। कारपोरेट लैब से कोविड एल-2 अस्पताल का एक डॉक्टर, बिथरी चैनपुर नरियावल की एक महिला, सिन्धु नगर के दो युवक, परतापुर चौधरी का एक बुजुर्ग, जगदीश विहार राजेंद्र नगर की दो महिला, वार्ड छह नकटिया मोहनपुर का एक व्यक्ति, काजीपुल शहर की एक युवती में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक व्यक्ति ट्रूनाट से और पूर्व में संक्रमित रहे तीन व्यक्तियों की आईवीआरआई से दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
नगर निगम का पार्षद मिला संक्रमित
आईवीआरआई से मिली रिपोर्ट में नगर निगम का एक पार्षद भी कोरोना संक्रमित मिला है। जिसकी जानकारी पर संजयनगर के लोगों में खलबली मची है। जानकारी के मुताबिक पार्षद में कोरोना के बेहद हल्के लक्षण हैं। एहतियातन उन्होंने जांच कराई थी। संक्रमण से पहले वह क्षेत्र में तमाम समर्थकों से भी मुलाकात कर चुके हैं। हालांकि, वह इस बीच नगर निगम आए हों यह पुष्टि नहीं हो सकी है।
गुरुद्वारा का पदाधिकारी भी संक्रमित
सुभाषनगर गुरुद्वारा के पदाधिकारी में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बुधवार को गुरुद्वारे को सेनिटाइज कराया गया। गुरुद्वारा में भी संक्रमण की पहुंच की जानकारी के बाद अब हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है जो उनके संपर्क में रहे थे। वहीं, अवधपुरी कॉलोनी में एक संक्रमित को कोविड अस्पताल में भर्ती नहीं कराने से लोग सहमे हैं।
गर्ल्स हॉस्टल में कोरोना की दहशत
सिविल लाइंस के एक गर्ल्स हास्टल में रहने वाली एक बैंक कर्मी युवती की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक हॉस्टल में करीब 40 लड़कियां रह रही हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद उनके संपर्क में रही सभी में दशहत है। लोगों ने सैंपल की जांच कराने की मांग की है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने संक्रमित के संपर्क में रही सभी लड़कियों का पांच दिन बाद जांच कराने को कहा है।
तीन स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
जांच रिपोर्ट के मुताबिक तीन स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। बुधवार को आउटसोर्सिंग पर तैनात पैरामेडिकल स्टाफ की नर्सों ने सीएमएस से मुलाकात की। उन्होंने उनकी कोविड अस्पताल में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की है। बताते हैं कि बाद में सीनियर के साथ ड्यूटी करने पर राजी हो गईं।
पांच एलआईसी कर्मचारी मिले संक्रमित
आईवीआरआई की रिपोर्ट में एलआईसी के तीन कर्मचारी और दो एजेंट भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बता दें कि हाल ही में एक एलआईसी के एक एजेंट की मौत हो गई थी जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद एलआईसी के कर्मचारियों ने अपनी जांच कराई जिसमें पांच लोगों में संक्रम की पुष्टि हुई है।
जिला अस्पताल के एक डॉक्टर संक्रमित
ट्रूनाट की जांच में जिला अस्पताल के एक डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिसके बाद उन्हें तीन सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि कुछ दिन पहले उन्होंने जांच कराई थी तो रिपोर्ट निगेटिव मिली थी मगर बुधवार को हुई जांच में वह संक्रमित मिले। उनकी तबियत खराब चल रही है।
