हमीरपुर: खाद को लेकर किसानों ने सड़क पर बैठ किया प्रदर्शन
हमीरपुर, अमृत विचार। बुवाई का समय होने के बावजूद सरकारी अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। शनिवार को मौदहा कस्बे की क्रय विक्रय सहकारी समिति में खाद आने की सूचना पर बड़ी संख्या में एकत्र किसान पहुंचे और खाद वितरित न करने पर हंगामा काटने के साथ मुख्य मार्ग पर …
हमीरपुर, अमृत विचार। बुवाई का समय होने के बावजूद सरकारी अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। शनिवार को मौदहा कस्बे की क्रय विक्रय सहकारी समिति में खाद आने की सूचना पर बड़ी संख्या में एकत्र किसान पहुंचे और खाद वितरित न करने पर हंगामा काटने के साथ मुख्य मार्ग पर बैठ प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही एसडीएम व एडीसीओ सहकारिता पुलिस लेकर पहुंचे।
एसडीएम ने किसानों को खाद दिलाने कि आश्वासन दे उन्हें शांत किया, लेकिन सर्वर न आने से किसानों को खाद नहीं मिल सकी।
बुआई के साथ ही दीपावली का पर्व होने के बावजूद किसान खाद पाने के लिए दर-दर भटक रहा है। वहीं निजी खाद विक्रेता महंगे दामों पर धड़ल्ले से खाद बेच रहे हैं। कभी भी किसी समय कोई भी इनके यहां पहुंचकर खाद ले सकता है। वहीं शनिवार को किसान सेवा सहकारी समिति व इसी के निकट स्थित क्रय विक्रय समिति में 500 बोरी डीएपी खाद आई तो किसानों की लाइन लग गई, लेकिन सर्वर न होने से किसानों को विश्वास नहीं हुआ।किसान यह कहते सुने गए कि सर्वर का बहाना है खाद तो पहले ही बेची जा चुकी है।
तभी उप जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव किसानों के सड़क पर उतरने की सूचना पर पहुंचे और सहकारिता के एडीसीओ त्रिभुवन यादव को किसानों के बीच बुलाकर उन्होंने यह स्पष्ट किया कि सर्वर न होने की वजह से खाद का वितरण रुका है। जैसे ही सर्वर आएगा वितरण होगा। किसानों के सामने ही खाद का वितरण होगा, लेकिन किसान डटे रहे। तब पुलिस ने उन्हें रस्सा बांधकर सड़क के किनारे ही बैठा दिया और वह खाद के इंतजार में घंटों बैठे रहे। मांचा निवासी नफीसा ने बताया वह 7 बजे से बेटी के साथ खाद के लिए लाइन पर लगी है। खेत की बुवाई रुकी है।
ये भी पढ़ें-हल्द्वानी: एसडीओ गौला डॉ. शिप्रा शर्मा का कालसी हुआ तबादला
