बरेली: संजय नगर तिराहा अब महर्षि कश्यप चौक कहलाएगा, प्रतिमा स्थापित
बरेली, अमृत विचार। कश्यप समाज के लिए हर्ष की बात है कि उनके आराध्य महर्षि कश्यप की प्रतिमा बरेली शहर के संजय नगर तिराहे पर स्थापित की गई है। महर्षि कश्यप की यूपी में यह पहली प्रतिमा लगने का दावा किया गया है। कश्यप समाज ने अपने खर्चे पर इस प्रतिमा को लगवाया है। दिसंबर 2019 में …
बरेली, अमृत विचार। कश्यप समाज के लिए हर्ष की बात है कि उनके आराध्य महर्षि कश्यप की प्रतिमा बरेली शहर के संजय नगर तिराहे पर स्थापित की गई है। महर्षि कश्यप की यूपी में यह पहली प्रतिमा लगने का दावा किया गया है। कश्यप समाज ने अपने खर्चे पर इस प्रतिमा को लगवाया है। दिसंबर 2019 में हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में संजय नगर तिराहे पर महर्षि कश्यप की प्रतिमा स्थापित कराने से लेकर तिराहे का नाम महर्षि कश्यप चौक रखे जाने का प्रस्ताव पास हुआ था। अब यह तिराहा महर्षि कश्यप चौक के नाम से जाना जाएगा। इस प्रतिमा के अनावरण के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया है। 5 या 6 नवंबर को मुख्यमंत्री बरेली आ सकते हैं। कश्यप समाज प्रतिमा के अनावरण की तैयारियों में जुट गया है। प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
ये भी पढे़ं- बरेली: आईडीएसपी की उदासीनता, लगातार हो रहीं बुखार से मौतें
प्रतिमा व फाउंडेशन निर्माण में करीब 20 लाख खर्च
कश्यप परिवार उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कश्यप ने बताया कि महर्षि कश्यप की प्रतिमा यूपी में कहीं भी नहीं लगी है। बरेली में पहली प्रतिमा लगी है। उन्होंने यहां तक दावा किया है कि भारत के किसी शहर में महर्षि कश्यप की प्रतिमा नहीं लगी है। 2019 में महर्षि कश्यप की प्रतिमा बरेली शहर में लगवाने के लिए वार्ड 40 सहसवानी टोला के पार्षद हरिओम कश्यप के जरिए निगम की बैठक में प्रस्ताव लगवाया। दिसंबर, 2019 में निगम की बोर्ड बैठक हुई थी।
उसमें प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ है, तब संजय नगर तिराहा ही प्रतिमा स्थापित कराने के लिए खाली थी। इसलिए बोर्ड बैठक में यहीं का प्रस्ताव पास हुआ। बीच में दो साल कोविड में निकल गए। इस वजह से प्रतिमा बनवाने में समय लगा। पीलीभीत के बीसलपुर में करीब पांच लाख रुपये की लागत से प्रतिमा बनवाई गई। इसे बनाने में कंकरीट, मेटल और केमिकल्स का प्रयोग किया गया है। तिराहे पर फाउंडेशन का निर्माण कार्य भी समाज के लोग ही करा रहे हैं। अब तक करीब 8 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। प्रतिमा स्थापित होने के साथ इसके सौंदर्यीकरण में कुल 15 लाख रुपये खर्च हो जाएंगे।
9 अक्टूबर को लखनऊ में सीएम से मिले थे धर्मेंद्र कश्यप
संजय नगर तिराहे पर महर्षि कश्यप की प्रतिमा स्थापित होने से पहले 9 अक्टूबर को लखनऊ में सांसद धर्मेंद्र कश्यप, कश्यप परिवार उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कश्यप समेत अन्य लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले और उन्हें महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए आमंत्रित किया। इससे माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री 5 या 6 नवंबर को बरेली आ सकते हैं। सीएम के आने की चर्चा नगर निगम के अधिकारियों में हो रही है।
महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 5 या 6 नवंबर को वह बरेली आ सकते हैं। प्रतिमा का पूरा खर्चा कश्यप समाज ने उठाया है।– हरिओम कश्यप पार्षद
ये भी पढे़ं- बरेली: इंडिया फूड एक्सपो में उद्यमियों को मिलेगी नई राह
