वार्डों के परिसीमन में खामियां : एक से दूसरे वार्डों में फेंके गये वोटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम अयोध्या की ओर से कराये गये वार्डों के परिसीमन में बड़ी खामियां सामने आने से हड़कम्प मच गया है। परिसीमन में बरती गयी लापरवाही के चलते एक वार्ड के मतदाता दूसरे वार्ड में पहुंच गये हैं। यही नहीं, परिसीमन के समय पोलिंग स्टेशनों को भी दुरुस्त नहीं किया गया है। …

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम अयोध्या की ओर से कराये गये वार्डों के परिसीमन में बड़ी खामियां सामने आने से हड़कम्प मच गया है। परिसीमन में बरती गयी लापरवाही के चलते एक वार्ड के मतदाता दूसरे वार्ड में पहुंच गये हैं। यही नहीं, परिसीमन के समय पोलिंग स्टेशनों को भी दुरुस्त नहीं किया गया है।

इससे भविष्य में चुनाव के समय वोटरों के समक्ष विकट स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं इस गड़बड़ी ने पार्षदों और संभावित उम्मीदवारों को हलकान कर दिया है। अब इन खामियों को दुरुस्त कराये जाने के लिए पार्षदों की ओर से निर्वाचन कार्यालय में आवेदन दिये जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट स्थित पंचायत चुनावालय में अब तक 35 से अधिक आवेदन पत्र पहुंच चुके हैं।

वार्डों के परिसीमन में खामियां सामने आने के बाद पार्षदों में खलबली मच गयी है। इसे लेकर वह नगर निगम से कलेक्ट्रेट स्थित निकाय चुनाव के प्रभारी एडीएम प्रशासन कार्यालय व पंचस्थानीय चुनावालय तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। शनिवार को पंचस्थानीय चुनावालय पहुंचे पार्षदों वीरचन्द्र मांझी, विनय जायसवाल, अनुज दास ने अमृत विचार को बताया कि जब मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन हुआ तो उन लोगों को गड़बड़ी का पता चला। इसलिए वह लोग यहां अपनी आपत्ति दर्ज कराने व एक वार्ड से दूसरे वार्ड में भेजे गये वोटरों की मतदाता सूची दुरुस्त कराने के लिए आवेदन दे रहे हैं।

परिसीमन में इस तरह की हुई गड़बड़ी

अभिरामदास वार्ड के पार्षद वीरचन्द्र मांझी के मुताबिक उनके वार्ड सं. 1 के भाग संख्या 3 के क्रमांक सं. 1 से 13 तक व 22 से 166 तक, 224 से 651 तक के मतदाताओं को देवकाली वार्ड सं. 31 में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसी प्रकार रामकोट वार्डं स. 45 के भाग संख्या 189 में दर्ज क्रमांक सं. 1 से 214 तक के वोटरों को अभिराम दास वार्ड सं. 1 में शिफ्ट कर दिया गया है। इसी तरह की शिकायत कंधारी बाजार वार्ड के अर्जुन यादव की है।

उनका कहना है कि उनके वार्ड सं. 50 के वोटरों को वार्ड सं. 56 में स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, पटान टोलिया के नजीर इदरीसी ने एडीएम प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र देकर अवधपुरी वार्ड सं. 36 के भाग सं. 145 में क्रमांक सं. 397 से 1200 तक के मतदाता अमानीगंज 39 में भेजे जाने की मांग की है। इसी प्रकार से कई अन्य दर्जनों वार्डों के पार्षदों व संभावित उम्मीदवारों द्वारा आवेदन देकर वोटरों के बदले वार्डों को दुरुस्त कराये जाने की मांग की गयी है।

स्पष्ट आदेश जारी न होने से फंसा पेंच

वार्ड परिसीमन से उपजी स्थिति को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा आपत्तियां दर्ज कराने को लेकर कोई स्पष्ट आदेश जारी न किये जाने से पार्षदों के सामने बड़ा पेंच फंसा रहा। यह पार्षद जब नगर निगम गये तो उन्हें निर्वाचन विभाग भेजा गया। नगर निगम में कोई अधिकारी पार्षदों को सही जवाब नहीं दे सका। जब पार्षद एडीएम प्रशासन के पास गये तो उन्होंने आवेदन पत्रों को मार्क किया। इसके बाद पार्षद अपने पत्र लेकर पंचस्थानीय चुनावालय पहुंचे तो यहां उनका आवेदन कोई लेने को तैयार नहीं हुआ।

इस बारे में पूछे जाने पर एडीओ पंचायत सूर्यभान यादव ने कहा कि उनके पास कोई लिखित आदेश नहीं आया है, इसलिए वह इस बारे में कुछनहीं कह सकते हैं। इस सम्बन्ध में जब एडीएम प्रशासन व नोडल अधिकारी स्थानीय निकाय अमित सिंह से बात करने के लिए उनके सीयूजी मोबाइल पर कॉल गयी तो उनकी कॉल कई बार प्रयास के बाद भी अपरिहार्य कारणों से रिसीव नहीं हो सकी।

यह भी पढ़ें:-J&K: गैर-स्थानीय मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के खिलाफ पीडीपी ने किया प्रदर्शन

 

 

 

संबंधित समाचार