अयोध्या: सात दिवसीय भरतकुंड महोत्सव आज से, तैयारियां पूरी
अमृत विचार, अयोध्या। सात दिवसीय 24 वें भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार से होगा। सात नवम्बर तक चलने वाला महोत्सव विविध कार्यक्रमों से सजेगा। महात्मा भरत की पावन तपोस्थली पर होने वाले इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 1100 मातृ शक्तियों द्वारा किए जाने वाला दुरदुरिया पूजन होगा। प्रदेश में ख्याति प्राप्त कर चुके इस महोत्सव …
अमृत विचार, अयोध्या। सात दिवसीय 24 वें भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार से होगा। सात नवम्बर तक चलने वाला महोत्सव विविध कार्यक्रमों से सजेगा। महात्मा भरत की पावन तपोस्थली पर होने वाले इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 1100 मातृ शक्तियों द्वारा किए जाने वाला दुरदुरिया पूजन होगा।
प्रदेश में ख्याति प्राप्त कर चुके इस महोत्सव की सभी तैयारिया पूर्ण हो चुकी हैं। सभी जन प्रतिनिधि और आला अधिकारी महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। भरतकुंड महोत्सव न्यास द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह महोत्सव 1 से 7 नवम्बर तक चलेगा। संस्था के अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय ने बताया इस बार महोत्सव और भी दिव्य और भव्य होगा। संरक्षक मण्डल में अयोध्या सांसद लल्लू सिंह , अयोध्या नगर निगम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, डॉ. संदीप सिंह, गिरीशपति त्रिपाठी, डा संजय तिवारी, डा एसके पाठक, हर्षवर्धन सिंह और संयोजक मण्डल में डॉ महेश शर्मा सांसद, विधायक अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव , वेद गुप्ता, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, डॉ विवेक सिंह और माधवी पांडेय हैं। सचिव अम्बरीष चंद्र पांडेय के अनुसार महोत्सव में मेला झूला, प्रदर्शनी, हाफ मैराथन, आल्हा, महिला/पुरुष दंगल, कबड्डी, चित्रकला मेरी आवाज सुनो संगीत प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा चरण पादुका यात्रा, कॉमेडी शो गरबा रास, रासलीला, मयूर नृत्य, चारकुला नृत्य, बुलबुल डांस के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होगें। विशेष रूप से 5 नवम्बर को अवधी के प्रसिद्ध गायक दिवाकर द्विवेदी का कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि कला साहित्य, शिक्षा, समाजसेवा, नारी सशक्तिकरण संगीत, खेल तथा चिकित्सा आदि क्षेत्रों में नंदीग्राम रत्न सम्मान तथा आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली तीन विभूतियों को महा योगिराज सम्मान से नवाजा जाएगा। महोत्सव को लेकर प्रभारियों की नियुक्ति की गयी हैं
