अयोध्या: श्रमिक पुत्रियों की शादी योजना में इस बार केवल ऑनलाइन आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के पुत्रियों का विवाह कराने के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यालय के निर्देश पर जनपद में 25 नवंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए विभाग ने आवेदन हासिल करना शुरू कर दिया है। गत वर्ष आवेदन के लिए इच्छुक और …

अयोध्या, अमृत विचार। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के पुत्रियों का विवाह कराने के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यालय के निर्देश पर जनपद में 25 नवंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए विभाग ने आवेदन हासिल करना शुरू कर दिया है। गत वर्ष आवेदन के लिए इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही सुविधा प्रदान की गई थी, लेकिन इस बार केवल ऑनलाइन आवेदन ही लिया जा रहा है। आवेदन 10 नवंबर तक किसी जनसेवा केंद्र से किया जा सकता है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह में आर्थिक सहयोग का निर्णय लिया है। बोर्ड की ओर से विभाग में पंजीकृत लाभार्थी श्रमिकों की विवाह योग्य पुत्रियों के विवाह के लिये सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है।

इस वर्ष सामूहिक विवाह समारोह 25 नवंबर को कराया जायेगा। बोर्ड आयोजन का खर्चा ही नहीं उठाएगा बल्कि प्रति जोड़े को 75 हजार रूपये आर्थिक मदद भी दी जाएगी। इसके लिये श्रम विभाग की ओर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सामूहिक विवाह के लिए ऑनलाइन आवेदन एक नवंबर से चालू हो गया है,जो 10 नवंबर तक जारी रहेगा।

योजना का लाभ हासिल करने के लिये पंजीकृत श्रमिक का विभाग में पंजीकरण और श्रमिक कार्ड एक साल पुराना होना चाहिए। इच्छुक श्रमिक योजना के तहत अपनी विवाह योग्य पुत्री की शादी कराने तथा योजना का लाभ हासिल करने के लिए अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र जाकर वर-वधू का उम्र प्रमाण, मार्कशीट, परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म प्रमाण, राशन कार्ड, नियोजक का एमआईएस प्रमाण पत्र, मनरेगा कार्ड, स्वःघोषणा प्रमाण, प्रधान द्वारा शादी तय होने का प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल व वर, कन्या के आधार कार्ड आदि दस्तावेज के माध्यम से आवेदन कर सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों जिनको किसी अन्य योजना के तहत विवाह के लिये आर्थिक मदद हासिल हो चुकी है, उनका आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा।

उपश्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि सामूहिक श्रमिक कन्या विवाह योजना के तहत ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। इच्छुक श्रमिक परिवार अपनी पुत्री का विवाह कराने के लिये 10 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। योजना में पंजीकरण कराने वाले पात्र श्रमिक परिवारों की पुत्री के विवाह तथा आर्थिक सहायता के लिए 25 नवंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जायेगा।

ये भी पढ़ें-पीलीभीत: गुडवर्क की खातिर पुलिस ने ले ली कबाड़ी की जान, लखनऊ में मौत

संबंधित समाचार