कानपुर : प्रेमिका की स्कूटी से चेन लूटने वाले दो गिरफ्तार, मार्निंग वाकर को करते थे टारगेट
अमृत विचार, कानपुर। शहर के दक्षिण क्षेत्र में चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी सुबह टहलने वालों और शाम को बाजार में निकलने वालीं महिलाओं को निशाना बनाते थे। लुटेरे अपनी महिला मित्र की स्कूटी से घूम-घूमकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों …
अमृत विचार, कानपुर। शहर के दक्षिण क्षेत्र में चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी सुबह टहलने वालों और शाम को बाजार में निकलने वालीं महिलाओं को निशाना बनाते थे। लुटेरे अपनी महिला मित्र की स्कूटी से घूम-घूमकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों ने लूट की चार घटनाओं की स्वीकारा है। बर्रा और नौबस्ता पुलिस ने दोनों को दिल्ली के पालम से पकड़ा है। दोनों के पास से नकदी, लूटी हुई चेन और घटना में प्रयोग स्कूटी को बरामद किया है।
एडीसीपी दक्षिण अंकिता शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूटी सवार दो लुटेरों ने बर्रा-2 में शिक्षिका ईशा अरोड़ा और कर्रही से बर्रा साउथ रोड पर ई-रिक्शा से घर जा रहीं संगीता राय की चेन लूटी थी। लुटेरों की तलाश में पुलिस टीम लगी थी। सर्विसलांस की मदद से सूचना मिली कि बर्रा और नौबस्ता में स्कूटी से लूटपाट करने वाले लुटेरे दिल्ली के पालम गांव में हैं।
जिसके बाद चौकी प्रभारी कमलेश राय टीम के साथ 31 अक्टूबर की सुबह दिल्ली के पालम गांव पहुंचे और एक मकान की दूसरी मंजिल पर रह रहे दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की। जिसमें हनुमंत विहार निवासी आदित्य सोनकर उर्फ गोविंद को और ममेरे भाई बिधनू निवासी आयुष सोनकर को पकड़ा है। उन्होंने बताया कि दोनों ने बर्रा में दो और किदवई नगर व नौबस्ता क्षेत्र में दो चेन लूट की वारदातों को स्वीकार किया है।
वह ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला मित्र की स्कूटी से वारदात करते थे। लग्जरी लाइफ जीने और शौक पूरा करने के चक्कर में दोनों लूट करते थे, उनकी निशानदेही से महिला मित्र की स्कूटी समेत डिग्गी से लूटी गई दो चेन और 63 सौ रुपये बरामद किए हैं। पकड़ने वाली टीम को 10 हजार की ईनाम की घोषणा की गई है।
यह भी लगे:- कन्नौज: चिरैयागंज हिंसा में मुख्य आरोपी चेन लूट के दौरान गिरफ्तार
