मुरादाबाद : ठगी के जाल में फंसे तीन पीड़ित, एसएसपी से लगाई रकम वापस दिलाने की गुहार
मुरादाबाद,अमृत विचार। साइबर ठगों का जाल दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वह लोगों को नए-नए तरीकों से चूना लगा रहे हैं। ठगी के जाल में फंसे तीन पीड़ित बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर ठगों को गिरफ्तार कर अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। भाजपा संयोजक के फेसबुक पेज की बनाई …
मुरादाबाद,अमृत विचार। साइबर ठगों का जाल दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वह लोगों को नए-नए तरीकों से चूना लगा रहे हैं। ठगी के जाल में फंसे तीन पीड़ित बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर ठगों को गिरफ्तार कर अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
भाजपा संयोजक के फेसबुक पेज की बनाई फर्जी आईडी
दीनदयाल नगर निवासी भाजपा संयोजक राजेश रस्तोगी ने एसएसपी के दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका फेसबुक पेज है। जिसे शुभम वर्मा, रचित अग्रवाल, अर्वित गुप्ता और मेहुल रस्तोगी चलाते हैं। आरोप है कि किसी अज्ञात युवक ने उनके फेसबुक पेज का डुप्लीकेट पेज बना लिया है। उनकी छवि खराब करने की जा रही है। उन्होंने फेसबुक पेज को निरस्त कर और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जी मेल हैक कर खाता से उड़ाए 1,200 रुपये
डिलारी थाना क्षेत्र में मोहम्मद हनीफ ने शिकायती पत्र में बताया कि अज्ञात युवक ने उनके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा था। जिसे बच्चों ने खोल लिया। इसके बाद ठगों ने उसकी जीमेल हैक कर ली और खाते से 1,200 रुपये निकाल लिए। इतने ही नहीं ठगों ने जीमेल से नंबर लेकर परिचितों से अभद्रता कर रुपयों की मांग की। जिससे डरकर हनीफ ने 3,300 रुपये दे दिए। आरोप है कि ठग उससे 6,000 रुपये की ओर मांग कर रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एटीएम कार्ड बदलकर 35,000 रुपये निकाले
गलशहीद थाना क्षेत्र में ईदगाह निवासी निशा ने शिकायती पत्र में बताया कि वह 27 अक्टूबर को अपने भाई के साथ करूला गई थी। उसका भाई एटीएम से पैसे निकालने लगा। लेकिन, रुपये नहीं निकले। तभी वहां मौजूद युवक ने सहायता करने को कहकर एटीएम बदल लिया। दोनों भाई बहन घर आ गए। आरोप है कि इसी दौरान सहायता करने वाले युवक ने उसके एटीएम से 35,000 रुपये निकाल लिए। निशा ने एसएसपी से युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आशाओं ने किया चार लाख से अधिक घरों का भ्रमण, खोजे बुखार के मरीज, चिकित्सकों की चिंता बढ़ी
