अमरोहा: अधूरी तैयारियों के बीच तिगरी गंगा मेले का कल होगा आरंभ
अमरोहा, अमृत विचार। आधी अधूरी तैयारियों के बीच में शुक्रवार शाम को तिगरी गंगा मेले का आरंभ होगा। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अधिकांश तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। यह मेला नौ नवंबर तक चलेगा। जबकि कार्तिक पूर्णिमा को मुख्य स्नान आठ नवंबर को होगा। मेला स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं …
अमरोहा, अमृत विचार। आधी अधूरी तैयारियों के बीच में शुक्रवार शाम को तिगरी गंगा मेले का आरंभ होगा। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अधिकांश तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। यह मेला नौ नवंबर तक चलेगा। जबकि कार्तिक पूर्णिमा को मुख्य स्नान आठ नवंबर को होगा। मेला स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का रेला पहुंचने लगा है। दूर-दूर तक गंगा की रेती में तंबू ही तंबू नजर आ रहे हैं। मेला स्थल पर पहुंचने के साथ ही श्रद्धालु गंगा स्नान कर खिचड़ी का भी आनंद ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दूसरे जनपदों से भी पुलिस कर्मी आए हुए हैं। जिलाधिकरी और पुलिस अधीक्षक प्रतिदिन मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
एक नवंबर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने वाहनों से पहुंच रहे हैं और गंगा की रेती में तंबू लगाकर गंगा स्नान का आनंद लेंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा मेले में करीब 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु हर साल गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं। मेला स्थल पर अभी पूरी तरह से शौचालयों का निर्माण नहीं हो पाया। अभी मेले में कुछ जगह पर सड़क निर्माण भी अधूरा है। मेला स्थल पर अस्पताल में चौबीस घंटे चिकित्सक तैनात रहते हैं। गुरुवार की शाम तक लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा मेले में पहुंच चुके है। शुक्रवार शाम को तीन बजे गंगा घाट पर हवन पूजन के साथ विधिवत रूप से मेले का आरंभ हो जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से मचान भी बनाए गए है। जिन पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
गजरौला के इंदिरा चौक पर लगा जाम
गजरौला। श्रद्धालुओं का रेला बड़ी संख्या में तिगरी गंगा मेले में पहुंच रहा है। गुरुवार को गजरौला में इंदिरा चौक पर जाम की स्थिति बन गई। जिसमें पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस भी फंस गई। गजरौला से लेकर तिगरी तक सड़क पर ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आ रहे हैं। हर-हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का रेला तिगरी गंगा धाम पहुंच रहा है। श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली और दूसरे वाहनों से मेला स्थल पर पहुंच रहे हैं। दिन भर मेला स्थल पर जाने का सिलसिला चलता रहा।
गंगा घाट पर जाने को बनाया पुल
अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में गंगा घाट पर जाने के लिए अस्थाई पुल भी बनाया है। जिससे श्रद्धालुओं को स्नान करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके अलावा मेला स्थल पर दुकानें भी सज कर तैयार हो गई है। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद अपने डेरों में खिचड़ी का आनंद ले रहे हैं।
डीएम ने किया मेला स्थल का निरीक्षण
अमरोहा। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने अधिकारियों संग मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया और अधीनस्थों को जरुरी निर्देश दिए। मेले में सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। हर सेक्टर में पुलिस चौकी भी बनाई गई है और कोतवाली बनाई गई है। जहां पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। गुरुवार को डीएम ने मेला स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें:-अमरोहा: पेड़ पर लटका मिला विवाहिता का शव, मचा हड़कंप
