निकाय चुनाव: आरक्षण में होगा बड़ा उलटफेर, आबादी तय करेगी एससी सीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। दिसम्बर में प्रस्तावित स्थानीय निकाय चुनाव की सरगर्मी तेजी हो गई है। मतदाता सूची आलेख्य का जहां प्रकाशन किया जा चुका है वहीं आरक्षण को लेकर कवायद अंतिम दौर में है। खास बात यह है कि इस बार सीटों के आरक्षण में बड़ा परिवर्तन होना तय है। बीते निकाय चुनाव में जो …

अमृत विचार, अयोध्या। दिसम्बर में प्रस्तावित स्थानीय निकाय चुनाव की सरगर्मी तेजी हो गई है। मतदाता सूची आलेख्य का जहां प्रकाशन किया जा चुका है वहीं आरक्षण को लेकर कवायद अंतिम दौर में है। खास बात यह है कि इस बार सीटों के आरक्षण में बड़ा परिवर्तन होना तय है। बीते निकाय चुनाव में जो सीटें जिस वर्ग के लिए आरक्षित हुई थी उनमें बदलाव हो जायेगा।

एडीएम प्रशासन उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि स्थानीय निकाय के बीते चुनाव में जो सीटें जिस वर्ग के लिए आरक्षित की गईं थी। उनका आरक्षण इस साल के चुनाव में बदल दिया जाएगा। इसके लिए सीटों के आरक्षण के निर्धारण में लगे सभी नामित अधिकारियों से मानक के मुताबिक आरक्षण का निर्धारण करते हुए रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि चार नवंबर को यह सूची शासन को भेज दी जाएगी। साथ ही दावा और आपत्तियां आमंत्रित कर उसका निस्तारण किया जाएगा।

एडीएम ने बताया कि नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद, सभासद सीट बीते निकाय चुनाव में जिस वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था, वह इस चुनाव में बदल जाएगा। जैसे जो पद महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित था। वह इस बार पुरुष वर्ग के लिए आरक्षित होगा। इसी तरह से जो सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित की गई थी, वह इस बार अन्य वर्ग के लिए हो जाएगा। यही हाल एससी सीटों का भी रहेगा।

एडीएम ने बताया कि निर्धारित ओबीसी सीटों में से 33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। जबकि एससी सीट का निर्धारण आबादी के हिसाब से किया जाएगा। निर्धारित कुल एससी सीटों का 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। जिले में जितनी सीटें हैं। उसका 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा।

एडीएम ने बताया कि चार नवंबर तक यह रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेज दिया जाएगा। साथ ही एक सप्ताह का समय दावा और आपत्ति के लिए दिया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सीटों की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि जिले में कुल आठ स्थानीय निकाय हैं। जिनमें एक नगर निगम, एक नगर पालिका और छह नगर पंचायतें हैं।इस बार तीन नई नगर पंचायतों का गठन किया गया है।

सबसे अधिक वार्ड नगर निगम तो सबसे कम बीकापुर नगर पंचायत में

जिले की एक नगर निगम और एक नगर पालिका समेत छह नगर पंचायतों में कुल 169 वार्ड निर्धारित है। जिनमें सर्वाधिक साठ वार्ड नगर निगम अयोध्या तो सबसे कम 11 वार्ड नगर पंचायत बीकापुर में हैं। प्रकाशित मतदाता सूची आलेख्य के अनुसार नगर पालिका रुदौली में 25, नगर पंचायत गोसाईगंज में 12, नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा में 18, नगर पंचायत कुमारगंज में 13, नगर पंचायत खिरौनी सुच्चितागंज में 15, नगर पंचायत मां कामाख्या में 15, नगर पंचायत बीकापुर में 11 वार्ड हैं।

इस बार 435 मतदान स्थल तो 221 मतदान केंद्र

निकाय चुनाव में इस बार तीन नई नगर पंचायतों के गठन और अयोध्या नगर निगम की सीमा विस्तार से मतदान स्थलों और मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चुनाव कार्यालय के अनुसार कुल मतदान स्थल 435 हैं तो मतदान केंद्र 221।नगर निगम में 90 मतदान केंद्र तो 264 मतदान स्थल हैं।

नगर पालिका रुदौली में 69 मतदान केंद्र तो 55 मतदान स्थल हैं । नगर पंचायत गोसाईगंज में 3 मतदान केंद्र, 12 मतदान स्थल, भदरसा में 20 मतदान केंद्र तो 34 मतदान स्थल, कुमारगंज में 10 मतदान केंद्र तो 17 मतदान स्थल हैं। नगर पंचायत खिरौनी में 9 केंद्र व 20 मतदान केंद्र, मां कामाख्या में 15 केंद्र, 20 मतदान स्थल, नगर पंचायत बीकापुर में 5 मतदान केंद्र व 11 मतदान स्थल बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- निकाय चुनाव : मतदाता सूची अधूरी कैसे करें दावे व आपत्तियां

 

संबंधित समाचार