मुरादाबाद: 4269 क्षय रोगियों को निक्षय मित्रों का इंतजार
मुरादाबाद, अमृत विचार। देश को क्षयरोग से मुक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर सरकार 9 सितंबर से जन भागीदारी का अभियान चला रही है। इसमें टीबी मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन कर दी गई है। टीबी मरीजों को गोद लेने वाले निक्षय मित्रों पर इनके पोषण की जिम्मेदारी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। देश को क्षयरोग से मुक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर सरकार 9 सितंबर से जन भागीदारी का अभियान चला रही है। इसमें टीबी मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन कर दी गई है। टीबी मरीजों को गोद लेने वाले निक्षय मित्रों पर इनके पोषण की जिम्मेदारी है। जिले में वर्तमान में 4269 ऐसे रोगी हैं, जिन्हें निक्षय मित्र का इंतजार है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एन कुरचैया बताते हैं कि पहले टीबी के मरीजों को गोद लेने की ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं थी। 9 सितंबर से इसे सरकार की ओर से शुरू किया गया है। इस ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत नौ सितंबर से अभी तक 231 निक्षय मित्र रजिस्टर्ड हो चुके हैं। जिले में वर्तमान में 5088 टीबी रोगियों का इलाज किया जा रहा है। इन मरीजों में से 4269 ने उन्हें गोद लिए जाने की इच्छा स्वास्थ्य विभाग के आगे जाहिर की। इन मरीजों के पास टीबी के इलाज के दौरान पोषण सामग्री खाने का अभाव है। जबकि टीबी के इलाज में पौष्टिक खाद्य पदार्थ के सेवन की भूमिका अहम होती है।
जिला क्षयरोग अधिकारी डा. एनके कुरैचया का कहना है कि अब तक 1731 टीबी के मरीजों को ही गोद लिया गया है। 4269 को अभी भी निक्षय मित्रों का इंतजार हैं। जिससे उन्हें पौष्टिक आहार मिल सके। सरकार की ओर से निक्षय मित्र बनने की ऑनलाइन प्रक्रिया में टीबी मरीज को पोषण सामग्री और रोजगार देने का विकल्प वेबसाइट पर दिया गया है। इस पर निक्षय मित्र खुद को पंजीकृत कराकर टीबी मरीज को रोजगार दिलाने से लेकर उसे पोषण सामग्री दे सकता है।
निक्षय मित्र एक या उससे अधिक टीबी के मरीज को कम से कम छह माह या एक साल के लिए गोद ले सकता है। वेबसाइट पर पंजीकृत होने के बाद क्षयरोग विभाग निक्षय मित्र को मरीज का विवरण देगा। सबके प्रयास से ही देश को क्षयरोग से मुक्त करने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने बताया कि अगर हर क्षेत्र से राशन डीलर, जन प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, विधायक, सांसद, बड़े व्यापारी, सरकारी अफसर आगे आएं तो जल्द ही सभी क्षय रोगियों को गोद लिया जा सकेगा। जिससे वह जल्दी ही ठीक हो सकेंगे।
यह है लिंक
अगर आप भी निक्षय मित्र बनकर क्षयरोगी को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री वितरित करने में मदद करना चाहते हैं तो https://communitysupport.nikshay.in लिंक पर क्लिक कर खुद का पंजीकरण कराएं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : डीएम ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, कहा- डेंगू मरीजों के इलाज में न हो लापरवाही
