अमरोहा : तिगरी गंगा मेले में पहुंचे 15 लाख श्रद्धालु, गंगा की रेती में कर रहे अठखेलियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला (अमरोहा),अमृत विचार। तिगरी गंगा में इस समय अपने पूरे यौवन पर है। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं का रेला पहुंच रहा है। हर-हर गंगे के जयकारों के साथ ही भोर की पहली किरण से ही गंगा स्नान का दौर शुरू हो जाता है,जो दिन भर चलता रहता है। वहीं युवा कभी गंगा में डूबकी लगाते …

गजरौला (अमरोहा),अमृत विचार। तिगरी गंगा में इस समय अपने पूरे यौवन पर है। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं का रेला पहुंच रहा है। हर-हर गंगे के जयकारों के साथ ही भोर की पहली किरण से ही गंगा स्नान का दौर शुरू हो जाता है,जो दिन भर चलता रहता है। वहीं युवा कभी गंगा में डूबकी लगाते हैं, तो फिर गंगा की रेती में अठखेलियां करते हैं। कोई कुश्ती लड़ रहा है,तो कोई अपने शरीर को आधा रेत में दबा लेता है। मेले का तो आंनद ही कुछ और है। स्नान के बाद देशी घी के साथ खिचड़ी का आनंद लेते हैं। डेरों से निकली चावलों की खुशूब लोगों को खींच लेती है।

एक नंवबर से तिगरी गंगा शुरु हो गया, लेकिन विधिवत उद्घाटन चार नवंबर को हुआ। करीब 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु तो गंगा मेले में पहुंच गए और मेले का आंनद ले रहे हैं। वैसे भी प्रशास ने मेले की तैयारियां इस बार अक्टूबर माह से शुरु कर दी थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु स्नान करने के लिए आते हैं। बहुत से श्रद्धालु तो आठ दिन पहले ही तंबू लगाकर रहना शुरू कर देते हैं। लोग धार्मिक श्रद्धा भाव के साथ कई संस्कार भी सपंन्न करते है। छोटे बच्चों के बाल उतरते है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स भी तैनात है। मेले की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

झूलों का आंनद ले रहे
मेले में आने वाले श्रद्धालु ज्यादातर झूलों का भी खूब आनंद लेते हैं। बच्चे भी खिलौने खरीद रहे है। इस बार मेले में तीन बड़े झूले लगे हैं। वहीं नाव झूले, ब्रेक डांस, और मौत का कुंए भी लगा है। छोटे बच्चों के लिए छोटे झूले, मारुति कार, जंपिग, ऊंट की सवारी हैं। युवा निशानेबाजी का भी आनंद ले रहे हैं। मेला स्थल पर स्काउट एवं गाइड का शिविर लगा है। स्काउट भी डयूटी दे रहे हैं। मेले में कोई गुम बच्चा मिल जाता है तो से परिजनों से मिलाने का काम कर रहे है।

कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों का एसओ ने लिया जायजा
कैसरा में हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर गंगाधाम सीपियां घाट पर मेला लगता है। गंगा स्नान नजदीक आने से पूर्व ही पुलिस प्रशासन ने यहां मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने गंगा घाट ओर नाव में बैठकर जल का भी निरीक्षण किया। सीपिया घाट पर जिला बिजनौर के भी श्रद्धालुओं गंगा में डुबकी लगाने आते हैं। मेले में झूले सर्कस लगते हैं और पकौड़ी जलेबी की दुकानें भी लगाई जाती हैं। रागनी प्रतियोगिता आदि के कार्यक्रम होते हैं। इस दौरान शेरपुर चौकी प्रभारी रामनिवास शर्मा, कैलाश गुर्जर, देवीपुरा प्रधान हरिचंद सिंह, मुकारमपुर प्रधान राजपाल सिंह, भूरे उर्फ शेखर आदि मौजूद रहे।

पूर्वजों की याद में दीपदान आज करेंगे
गजरौला। सोमवार को पूर्वजों की याद में गंगा घाट पर दीपदान होगा। एक साल में जिनके घर में किसी की मृत्यु हो जाती है, उसकी आत्मा की शांति के लिए दीपदान किया जाता है। कुछ लोग अपने पूर्वजों की याद में भी दीपदान करते हैं और गंगा मां से सुख समृद्धि की कामना करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर दीपदान होता है। आठ नवंबर को मुख्य स्नान है, इसलिए सोमवार शाम को दीपदान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : अमरोहा: संदिग्ध परिस्थितियों में लापता दरोगा मथुरा में मिला

संबंधित समाचार