मुरादाबाद : दो सरकारों ने मिलकर बनाया पुल फिर भी 15 साल में हो गया जर्जर, लोक निर्माण विभाग अनजान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। गुजरात के मोरबी हादसे के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने जर्जर पुलों की सुधि नहीं ली है। मुरादाबाद को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाला गागन नदी पर बना पुल जर्जर अवस्था में है। इस पर कभी भी हादसा होने की आशंका है। लेकिन, लोक निर्माण विभाग ने इस पुल की …

मुरादाबाद,अमृत विचार। गुजरात के मोरबी हादसे के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने जर्जर पुलों की सुधि नहीं ली है। मुरादाबाद को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाला गागन नदी पर बना पुल जर्जर अवस्था में है। इस पर कभी भी हादसा होने की आशंका है। लेकिन, लोक निर्माण विभाग ने इस पुल की सुधि लेनी जरूरी नहीं समझ रहा है। जबकि इस पुल को पूर्व की दो सरकारों ने मिलकर बनाया था।

गुजरात के मोरबी में पुल हादसे में 100 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। इस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जर्जर अवस्था में हो चुके पुलों की मरम्मत के आदेश दिए गए हैं। शासन ने आदेश जारी किया है कि अगर कोई पुल ज्यादा जर्जर हो चुका है तो उस पर तुरंत ही यातायात बंद कर दिया जाये। लेकिन, अभी तक लोक निर्माण विभाग ने शहर में जर्जर हो चुके पुलों की सुधि नहीं ली है। इस समय गागन पुल जर्जर अवस्था में है। एक साइड से पुल की रेलिंग टूटने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस दीवार बनवा दी। ताकि इस पुल से निकले वाले वाहन टूटी हुई जगह से बचकर जा सकें। लेकिन, शायद लोक निर्माण विभाग यह भूल गया कि दीवार से वाहनों को तो रोका जा सकता है, लेकिन एक साइड से टूटा हुआ पुल कभी भी गिर सकता है। विभाग ने अगर जल्द ही ओर ध्यान नहीं दिया तो गुजरात जैसा हादसा होने में देर नहीं लगेगी।

2007 में मुलायम सरकार में हुआ था शिलान्यास
गागन नदी पर बने दो पुलों में एक का निर्माण 2007 में सेतु निगम द्वारा कराया गया था। उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री व उनके भाई शिवपाल सिंह यादव लोक निर्माण विभाग मंत्री थे। तीन जनवरी 2007 में मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ने इसका शिलान्यास किया।

2010 में मायावती सरकार में हुआ लोकार्पण
2010 में बसपा सरकार में गागन पुल शुरू हुआ था। 15 जनवरी 2010 को मुख्यमंत्री मायावती ने इसका शिलान्यास किया था। लेकिन, 15 साल बाद यह पुल जर्जर अवस्था में है।

लोक निर्माण विभाग के पास है पुल का जिम्मा
गागन नदी पर 15 साल पहले दूसरा पुल सेतु निगम द्वारा बनाया गया। लेकिन, बाद में इसको लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित कर दिया गया था। मौजूदा समय में गागन पुल लोक निर्माण विभाग के पास है। लेकिन, विभाग गागन पुल की खस्ता हालत होने पर भी किसी हादसे का इंतजार कर रहा है।

रोजाना गुजरते है हजारों की संख्या में वाहन
गागन पुल पर शहर के अलावा रामपुर रोड, संभल, उत्तराखंड और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं। जिसमें छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहन भी शामिल हैं। जिसके चलते गागन पुल से हजारों की संख्या में रोजाना वाहनों की आवाजाही होती है।

पुल की हालत जर्जर है। इसकी जानकारी है। गागन पुल की मरम्मत के लिए आकलन तैयार कर प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही इसकी मरम्मत कराई जायेगी। -ज्ञान गुप्ता, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अधर में भविष्य, सोनकपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों को सुविधाओं का अभाव

संबंधित समाचार