औरैया: राष्ट्रपति ने ANM सुमन को किया सम्मानित, बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत
कोरोना काल में मरीजों को बेहतर सेवाएं देने पर किया गया पुरुस्कृत
औरैया में शहर के आर्यनगर निवासी सुमन दुबे को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए 7 नवंबर को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया
औरैया, अमृत विचार। औरैया में शहर के आर्यनगर निवासी सुमन दुबे को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए 7 नवंबर को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। जिसके बाद आज नगर आगमन पर जगह-जगह उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही उनके घर पर पहुंचकर बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही।
आपको बता दें कि जालौन जिला मुख्यालय उरई में स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुमन दुबे एएनएम पद पर तैनात हैं। जिन्होंने कोरोना काल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं थी। उनके इस योगदान के लिए मेडिकल कॉलेज के एमडी की तरफ से बेहतर कार्य करने वाली एएनएम सुमन दुबे का नाम शासन को भेजा गया था। जिस पर उन्हें बेहतर कार्य के लिए चयनित किया गया।
जिसके बाद 7 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्टपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सुमन दुबे को प्रशस्ति पत्र और 50 हजार रुपये का चेक देकर पुरस्कृत किया गया। जिसके बाद दिल्ली में राष्ट्रपति से सम्मान पाकर आज औरैया पहुंची सुमन दुबे का शहर में मंडी समिति, ब्लॉक गेट, सुभाष चौराह और बैंक ऑफ बडौदा के पास जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति से सम्मानित एएनएम सुमन दुबे ने कहा कि लोगों को अपना काम लगन और मेहनत के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान होना चाहिए।
