इटावा: खाद वितरण में हो रही देरी पर किसानों ने किया हंगामा, लगाया मनमानी का आरोप
किसानों का आरोप नेता लोग आते हैं बगैर लाइन के अंदर घुसकर खाद की बोरी लेकर चले जाते हैं
इटावा। कस्बा बसरेहर में साधन सहकारी समिति पर डीएपी खाद वितरण में हो रही देरी से नारा किसानों ने एक घंटे तक हंगामा काटा। किसानों ने आरोप लगाया कि सुबह 9 बजे से लाइन में लगकर बैठे रहे। नेता लोग आते हैं बगैर लाइन के अंदर घुसकर खाद की बोरी लेकर चले जाते हैं।
गुरुवार सुबह 9 बजे से बुजुर्ग किसान और महिलाएं लाइन में लगी थी। दोपहर 2 बजे से अधिक समय हो चुका फिर भी उनका नंबर नहीं आया। इसी बात को लेकर नाराज किसानों ने समिति पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं गुस्साए कुछ किसान दरवाजे में लात मारकर अंदर घुस गए। उनके आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा थी उनको उठा कर किसानों ने फाड़ दिया।
किसानों का कहना है समिति पर पूरी तरह से मनमानी हो रही है। गरीब किसान लाइन में लगकर परेशान हैं। वहीं जान पहचान वाले सीधे अंदर जाकर खाद ले लेते हैं। किसान हरदेवी, कमलेश बाबू, रुस्तम सिंह, महिपाल सिंह, राजकुमार सहित तमाम किसानों ने विरोध करते हुए हंगामा काटा। किसानों के हंगामे के बाद बारी बारी से खाद का वितरण किया गया।
