अयोध्या निकाय चुनाव: वार्डों के आरक्षण पर टिकी दावेदारों की निगाहें, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। स्थाानीय निकाय निर्वाचन विभाग में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के साथ मतदान कार्मिकों व ईवीएम सेटिंग आदि की प्रक्रिया में जुटा है। लेकिन वार्डों में पार्षद व सभासद का चुनाव लड़ने वालों की नजरें वार्ड आरक्षण पर टिकी हुई हैं। चुनाव मैदान में उतरने वाले संभावित उम्मीदवारों की सांसे भी थमी हैं। 

जनपद के नगर निकाय क्षेत्र में 439606 मतदाताओं में से 231090 पुरूष व 208516 महिला वोटर भी अपने मेयर, पार्षद, चेयरमैन व सभासद चुनने के इंतजार में हैं। निकाय चुनावों की अभी घोषणा भले ही नहीं हुई है। लेकिन वार्डों में चुनावी माहौल बनने लगा है। चुनाव लड़ने वाले दावेदार चुनावी माहौल बनाने के साथ अपनी भी हवा बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि सामान्य हों या आरक्षित वर्ग के दावेदार। सभी इसे लेकर आशंकित हैं कि अभी से मेहनत करें और आरक्षण के बाद तस्वीर बदल जाये तो मेहनत बेकार हो जायेगी। बावजूद इसके राजनीतिक दल से जुड़े हों या निर्दल पार्षद का चुनाव लड़ने वाले हों, सभी दावेदार गली-मोहल्लों में अपनी व्यक्तिगत पहचान बनाने के साथ वोटर बनवाने, लोगों के छिटपुट कार्य करवाने से लेकर नेवता निपटा रहे हैं जिससे वह क्षेत्र में चर्चा में बने रहें। 

खासतौर पर नगर निगम अयोध्या के 60 वार्डों में परिसीमन के बाद समीकरण बदल गये हैं।  जातीय समीकरणों का साधकर ही राजनीतिक दल प्रत्याशी उतारने को लेकर अपनी रणनीति बनायेंगे। पिछले दिनों नगर निगम क्षेत्र में कराये गये पिछड़ा वर्ग के रैपिड सर्वे के बाद जो तस्वीर बदल गयी है। 

नगर निगम से उपसभापति बुद्धिपाल प्रजापति के अनुसार अभी जो रैपिड सर्वे हुआ है उसमें यह देखा गया है कि जहां 2000 से अधिक की जनसंख्या है बैकवर्ड जाति की है उसे बैकवर्ड वार्ड घोषित किया जा सकता है। ऐसे में यह अनुमान है कि अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के 60 में से 16 वार्ड बैकवर्ड और 9 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो सकते हैं।  नगर पालिक परिषद फैजाबाद के पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता का मानना है कि 60 में से 20 से 25 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकते हैं। फिलहाल कयासों के बीच सभी दावेदारों व राजनीतिक दलों को आरक्षण आने का इंतजार है। 

नवगठित 3 नगर पंचायतों में पहली बार चुनाव
नगर निगम अयोध्या के अलावा जनपद अयोध्या में एक नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों में चुनाव होना है। 3 नयी नगर पंचायतों में पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। जिले में नगर पंचायत भदरसा, बीकापुर व गोसाईंगंज तो पुरानी हैं। लेकिन नगर पंचायत कुमारगंज, खिरौनी सुचित्तागंज व नगर पंचायत कामाख्या में पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। 

जानें नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों में कहां कितने वोटर

  1. नगर निगम अयोध्या- कुल वोट-286182 पुरूष-151429, महिला-134753
  2. नगर पालिका रुदौली- कुल वोटर-51484, पुरूष-26454, महिला-25030
  3. नगर पंचायत गोसाईंगंज- कुल वोटर-9756, पुरूष-5271, महिला-4485
  4. नगर पंचायत भदरसा- कुल वोटर-27605, पुरूष-14163, महिला-13442
  5. नगर पंचायत कुमारगंज- कुल वोटर-11167, पुरूष-5946, महिला-5221
  6. नगर पंचायत खिरौनी- कुल वोटर-145542, पुरूष-7523, महिला-7019
  7. नगर पंचायत मां कामाख्या- कुल वोटर-28233, पुरूष-149856, महिला-28233
  8. नगर पंचायत बीकापुर- कुल वोटर-10637, पुरूष-5448, महिला-5169 

संबंधित समाचार