अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भेजा जवाब, जानें मामला
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के मुताबिक सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को मेल के जरिए जवाब भेज दिया है। खबरों की मानें तो समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को जिलेवार डिटेल लेकर पुरानी सूची के नाम और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर जवाब दिया है।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट से काम काटे जाने पर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराते हुए जांच कराने की मांग की गई थी लेकिन आयोग द्वारा कोई जांच नही की गई। इसके अलावा अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान गलत ढंग से समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने को लेकर भी शिकायत की थी।
जिसको लेकर आज सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सबूतों सहित दस्तावेज और साथ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ और मुख्य चुनाव आयुक्त नई दिल्ली से की गई संबंधित शिकायतों और मीडिया से जुड़ी खबरों की छायाप्रति चुनाव आयोग को मेल कर दी है। इसके अलावा सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने जवाब में लिखा कि मतदाताओं को मतदान से वंचित करने की कई जनपदों के कार्यकर्ताओं, समर्थकों, जनता और मीडिया की खबरों से मिली जानकारियों की जांच की मांग की गई थी। लेकिन इसकी कोई जांच नहीं कराई गई।
बता दें कि बीते 27 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से विधान सभा चुनाव में लगाए गए आरोपों को लेकर सबूत के साथ 10 नवम्बर तक जवाब मांगा था। जिसको लेकर सपा सुप्रीमो ने सभी पदाधिकारियों को चुनाव में हुई गड़बड़ियों को लेकर सबूत जुटाने के निर्देश दे दिए थे।
