Irfan Solanki की तलाश में Kanpur से Lucknow तक पुलिस ने 10 ठिकानों पर दी दबिश, SIT की गई गठित
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थाना क्षेत्र में सीसामऊ से सपा के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी पर एक महिला का घर फूंकने का आरोप है। महिला की तहरीर पर पुलिस विधायक की तलाश में कानपुर से लेकर लखनऊ तक 10 ठिकानों पर दबिश दी है। लेकिन दोनों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। वहीं, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने दोनों की तलाश के लिए एसआईटी गठित की हैं।
डिफेंस कॉलोनी की रहने वाली महिला नजीर फातिमा ने आरोप लगाया था कि वह परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। इसी दौरान विधायक ने उनके घर पर आग लगा दी। उनका कहना है कि विधायक के दबाव में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज नहीं किया था।
मामले का संज्ञान लेकर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदण्ड ने थाना प्रभारी अभिषेक शुक्ला को संस्पेड कर दिया था। साथ ही पुलिस ने विधायक के घर पर छापेमारी की थी। लेकिन छापेमारी की भनक लगते ही विधायक भाई के साथ लखनऊ चले गए।
इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम ने घर पर प्रेस कांफ्रेंस कर पति और देवर को निर्दोष बताया था। साथ ही बच्चों के द्धारा पटाखे छुड़ाने पर आतिशबाजी से आग लगने की बात कहीं थी।
घटना के दिन से विधायक भाई समेत फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें कानपुर से लेकर लखनऊ तक समेत 10 ठिकानों में दबिश दी है। अब केस की विवेचना जाजमऊ थाना प्रभारी अशोक दुबे को सौंप दी गई है। साथ ही ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने दोनों की तलाश के लिए एसआईटी गठित की है।
