हमीरपुर: सर्वर न आने से बिना खाद निराश लौटे किसान
मौदहा (हमीरपुर)। किसानों को खाद उपलब्ध कराने के दावे फेल साबित हो रहे हैं। कभी खाद नहीं तो कभी सर्वर की समस्या आ़ड़े आ रही है। कस्बे में यह हालात लगातार दो दिनों से हैं। सैकड़ों किसान सुबह 6 से शाम 6 बजे तक सर्वर आने की राह देखते निराश घरों को लौट रहे हैं। कस्बे की क्रय-विक्रय समिति की खिड़की में लाइन पर लगे छिमौली निवासी शिवपाल ने बताया कि वह गुरुवार से चार बोरी खाद के लिए बैठा है।
बताया सर्वर खराब होने से आज भी खाद नहीं वितरित हो सकती। सर्वर न आने से आज भी खाद नहीं मिली है। वहीं महोबा जनपद के बन्नी गांव निवासी बल्लू ने कहा उसकी खेती मौदहा तहसील के अंतिम छोर भरवारा में है। उसे सात बोरी खाद की जरूरत के लिए भटक रहा है। खन्ना निवासी बच्चा सिंह के साथ इसी गांव के करीब 12 लोग लाइन पर खाद लेने के लिए खड़े मिले।
महोबा जनपद के किसानों ने कहा चिचारा समिति में खाद नहीं मिल रही है। क्रय विक्रय प्रभारी सचिव अतुल कुमार ने बताया कि सुबह ही 13पर्ची निकली थी। इसके बाद सर्वर चला गया। शाम 6 बजे तक नहीं आया है। पीसीएफ में 245 बोरी एटीएस खाद थी। सर्वर के अभाव में यह खाद भी नहीं बंट सकी।
